
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को फिर मिली धमकी
Death threat To Nitin Gadkari: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी मिली है। गडकरी के महाराष्ट्र में नागपुर स्थित कार्यालय (Nitin Gadkaris Nagpur Office) में शनिवार को तीन बार धमकीभरा फोन आया। नागपुर में ऑरेंज सिटी अस्पताल के पास केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जनसंपर्क कार्यालय है, जहां आज सुबह अज्ञात शख्स ने धमकाने वाला कॉल किया। इस मामले में अब पुलिस महकमा हरकत में आ गया है और बीजेपी के वरिष्ठ नेता को धमकी देने वाले का पता लगाया जा रहा है।
मिली जानकारी के मुताबिक, अज्ञात आरोपी ने नितिन गडकरी को जान से मारने की धमकी देते हुए पैसों की मांग की। रिपोर्ट्स के अनुसार, धमकी देने वाले ने अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम (Dawood Ibrahim) का नाम लेते हुए 100 करोड़ रूपये (Extortion) न देने पर गडकरी को जान से मारने की धमकी दी है। यह भी पढ़े-पुणे रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, एक्सप्रेस ट्रेनें रुकी, जांच में जुटी पुलिस
नागपुर पुलिस क्राइम ब्रांच यूनिट मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस टीम कार्यालय पहुंच चुकी है और पूछताछ कर कॉल करने वाले की जानकारी जुटा रही है। जबकि नागपुर की साइबर सेल ने भी तत्काल जांच शुरू कर दी है। खबर है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद रोधी दस्ते यानी एटीएस की एक टीम भी नागपुर पहुंची है।
एक अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित कार्यालय में आज सुबह 11.30 बजे, 11.40 बजे और 12:32 बजे धमकी भरे तीन कॉल आए। मामले में आगे की तफ्तीश जारी है।
इस बीच, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के आज नागपुर में होने की खबर है। गडकरी आज दोपहर जिले में एक कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। धमकी भरा फोन आने के बाद उस आयोजन स्थल पर सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। इस मामले पर राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की भी नजर है।
Published on:
14 Jan 2023 02:34 pm
