
Fire (Image: ANI)
मुंबई के चेंबूर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने अपनी पत्नी को जिंदा जला दिया। वो भी कारण सिर्फ इतना था कि पत्नी ने शारीरिक संबंध बनाने से मना कर दिया था। इस हृदयविदारक घटना में महिला गंभीर रूप से झुलस गई है और उसे मुंबई के सायन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, चेंबूर स्थित वाशी गांव में रहने वाले 46 वर्षीय आरोपी दिनेश आव्हाड को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इस वजह से दोनों के बीच पहले भी कई बार झगड़े हो चुके थे। शुक्रवार दोपहर को जब महिला रोज की तरह काम पर जाने की तैयारी कर रही थी, तभी पति ने जबरन शारीरिक संबंध बनाने की जिद की। पत्नी ने देर होने की बात कहकर इनकार किया तो पति ने उस पर किसी और शख्स से अवैध संबंध होने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
इस अपमान और रोज के आरोपों से तंग आकर महिला ने खुद पर केरोसिन डाल लिया। लेकिन महिला ने खुद को आग नहीं लगाई। लेकिन गुस्साए आरोपी ने उसे आग लगा दी। महिला की चीखें सुनकर पड़ोसी तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे बचाने की कोशिश की। पीड़िता घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती है।
घटना की सूचना मिलते ही आरसीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसी महिला को बीएमसी के सायन अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
आरसीएफ पुलिस स्टेशन के अधिकारी इस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि पति लंबे समय से पीड़िता के साथ घरेलू हिंसा कर रहा था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी से पूछताछ जारी है।
यह वीभत्स घटना घरेलू हिंसा और महिलाओं के खिलाफ बढ़ती बर्बरता की एक और भयावह मिसाल है। जहां एक ओर समाज महिला सशक्तिकरण की बात करता है, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाएं यह सोचने पर मजबूर करती हैं कि घर की चारदीवारी में महिलाएं कितनी सुरक्षित हैं।
Updated on:
01 Jun 2025 01:47 pm
Published on:
01 Jun 2025 01:47 pm
