
YashshreeShinde Dawood Shaikh : पूरे देश को झकझोर देने वाले नवी मुंबई के उरण के यशश्री शिंदे मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। 20 वर्षीय यशश्री की नृशंस हत्या के आरोपी दाऊद शेख को पुलिस ने मंगलवार तड़के कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दाऊद को उरण लाया गया है और बुधवार को अदालत में पेश किया गया।
रायगढ़ जिले की एक अदालत ने यशश्री शिंदे (20) की हत्या के आरोपी दाऊद शेख को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गहनता से पूछताछ करने पर दाऊद शेख ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने यशश्री की इतनी बेरहमी से हत्या करने की वजह भी बताई है।
मिली जानकारी के मुताबिक, दाऊद शेख ने पुलिस के सामने कबूल किया है कि उसने यशश्री शिंदे की हत्या इसलिए की क्योंकि उसने शादी से इनकार कर दिया था। पुलिस को शुरुआती जांच में भी पता चला था कि प्रेम प्रसंग को लेकर युवती की हत्या की गई है। हालांकि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
दाऊद शेख की तलाश के लिए नवी मुंबई पुलिस ने सात टीमें बनाई थीं। आखिरकार चार दिन के सर्च ऑपरेशन के बाद दाऊद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। उसे मंगलवार सुबह पड़ोसी राज्य कर्नाटक के गुलबर्ग स्थित शाहपुर इलाके के पहाड़ी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कर्नाटक में गिरफ्तारी के बाद दाऊद को मंगलवार रात नवी मुंबई लाया गया। वह अभी नवी मुंबई के बेलापुर में पुलिस की हिरासत में है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दाऊद शेख और पीड़िता यशश्री शिंदे एक-दूसरे को कई सालों से जानते हैं। कथित तौर पर इन दोनों के बीच प्रेम संबंध थे। दाऊद शेख यशश्री से शादी करना चाहता था, लेकिन यशश्री राजी नहीं थी। इसलिए आरोपी उस पर शादी का दबाव बना रहा था।
आरोपी दाऊद ने यशश्री से शादी कर बेंगलुरु में बसने का ख्वाब देखा था। लेकिन यशश्री ने इसके लिए मना कर दिया। बताया जा रहा है कि 25 जुलाई को जब वह यशश्री से मिलने आया तो दोनों में इसी को लेकर झगड़ा हो गया। इसके बाद दाऊद ने यशश्री की हत्या कर दी।
पहले दाऊद शेख भी उरण में उसी जगह रहता था जहां यशश्री रहती थी। लेकिन 2019 में यशश्री के परिवार ने उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2019 में आरोपी दाऊद शेख पर यशश्री का शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा था। तब यशश्री नाबालिग थी, इसलिए दाऊद के खिलाफ पॉस्को एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। वह लगभग 6 महीने तक जेल में रहा। इसके बाद वह कर्नाटक चले गये। इस बीच उसने फिर से यशश्री के करीब आने की कोशिश की। संभवतः दोनों फोन के जरिये संपर्क में थे। वारदात के दिन दोनों ने मिलने का फैसला किया था।
दाऊद शेख के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक यशश्री के साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी दाऊद शेख के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत भी केस दर्ज किया है।
Published on:
31 Jul 2024 09:19 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
