
मुज़फ्फरनगर. राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शाहपुर में चल रहे अखाड़े के 10 पहलवान राष्ट्रीय स्तर पर अपना दमखम दिखाने के लिए तैयारियां कर रहे हैं। चयनित पहलवानों की केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान व बुढाना विधायक उमेश मलिक ने हौसला अफजाई कर उन्हें सम्मानित किया। जनपद मुज़फ्फरनगर में शाहपुर के राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से तैयारी कर प्रदेश स्तर पर अपना दमखम दिखाने वाले 10 पहलवानों का स्कूली कॉलेज व यूनिवर्सिटी की प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर पर खेलने के लिए चयनित होने के बाद मुजफ्फरनगर के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री डॉक्टर संजीव बालियान व विधायक उमेश मलिक ने राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में पहुंचकर उनकी हौसला अफजाई की। इस दौरान सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि खेल से भविष्य के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक विकास भी होता है।
उन्होंने खेल में भविष्य बताते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा की दौड़ में खेल ही एक ऐसा माध्यम है, जिससे उच्च स्तर की नौकरी पर पहुंचना आसान है। विधायक उमेश मलिक ने कहा कि हमारा क्षेत्र खेल प्रतिभाओं से भरा हुआ है, जिन्हें निखारने की आवश्यकता है। यह बड़ी उपलब्धता है कि बिना सुविधाओं के हमारे युवा आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने युवाओं से विभिन्न खेलों में आगे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुझे गर्व होता है कि जब मेरे जनपद का कोई खिलाड़ी राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाता है। उन्होंने खेल के क्षेत्र में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। राष्ट्रीय इंटर कॉलेज के अध्यक्ष राहुल बालियान ने बताया कि खेल को प्रोत्साहन देने के लिए राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में साईं द्वारा सेंटर स्थापित किया जा रहा है।
आने वाले समय मे सुविधाओं का लाभ कबड्डी व कुश्ती के खिलाड़ियों को दिया जाएगा। भविष्य में खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने कॉलेज क्षेत्र में जनपद का नाम रोशन करेंगे। कुश्ती कोच विशु बालियान और पंकज ने बताया की यूनिवर्सिटी स्तर पर खेलने वाले पहलवान उत्तम जो उत्तर प्रदेश से चयनित हुए हैं के अलावा रिजवान, अमित यादव,सागर और आयुष उत्तराखंड स्टेट से चयनित होकर हिसार में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में 14 से 16 नवंबर को प्रतिभाग करेंगे साथ ही कॉलेज स्तर से चयनित पहलवान धर्मेंद्र, धनंजय, आफताब, गौरव व दीपक 17 नवंबर से 22 नवंबर तक दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।
Published on:
11 Nov 2019, 8:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.