
अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में रहने वाले मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट से भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी ने एक बार फिर बड़ा बयान देकर राजनीतिक हलके में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे आज ही उनसे इस्तीफा ले ले, लेकिन वह युवाओं को पत्थरबाजों से निपटने के लिए लाठी बाजी की ट्रेनिंग देंगे। इतना ही नहीं उन्होंने व्यापारियों का आह्वान करते हुए कहा कि वे अपनी दुकानों में पत्थर, पिस्टल, लाठी-डंडे और फावड़े रखकर अपनी रक्षा करें। क्योंकि जब तक पुलिस आती है, तब तक दुकानों को आग लगा दी जाती है। उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसा लगता है कि विधायक जी युवाओं को ट्रेनिंग देकर मुजफ्फरनगर को कश्मीर बनाना चाहते हैं।
दरअसल, भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी ये बयान मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र के गांव वाजिदपुर कवाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया है। विधायक विक्रम सैनी ने मंच संभालते ही कहा कि मुझे प्रशासन ने नहीं जिताया है, बल्कि आम जनता ने वोट देकर जिताया है। प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जितने विकास कार्य कराए हैं, उनके आधार पर ही जनता ने उनको दूसरी बार पूर्ण बहुमत के साथ जिताया है और उनकी सरकार बनवाई है। इस दौरान उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को भी गिनाया। सैनी ने अपने पुराने अंदाज में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के होते हुए चीन की हिम्मत नहीं है कि वह भारत की सीमा में भी घुस जाए।
आश्रम में युवाओं को देंगे ट्रेनिंग
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि शुक्रताल में कुछ जमीन खरीदी है। वह इस जमीन पर आश्रम खोलेंगे और आश्रम में युवाओं को पत्थरबाजों से निपटने के लिए लाठी बाजी के साथ पत्थरबाजी की ट्रेनिंग देंगे। वहीं उन्होंने व्यापारियों से कहा कि वे अपनी दुकानों में पिस्टल और लाठी-डंडे रखें और फावड़े के बिंन्टे रखें और खुद ही अपनी रक्षा करें।
भड़काऊ बयानों को लेकर रहते हैं विवादों में
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब भाजपा विधायक विक्रम सिंह सैनी ने इस तरह का भड़काऊ भाषण दिया है। इससे पहले भी वह भड़काऊ बयानों को लेकर विवादों में रहे हैं।
Published on:
11 Jul 2022 07:36 am

बड़ी खबरें
View Allमुजफ्फरनगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
