
मुजफ्फरनगर. नए कृषि कानूनों और केंद्र सरकार की नीति के खिलाफ थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के मीनाक्षी चौक पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला फूंक कर विरोध जताया। इस दौरान किसानों और भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की और जमकर नोकझोंक भी हुई। भाकियू नेताओं ने कहा कि किसान कृषि कानून के विरोध में धरना कर रहे हैं, लेकिन सरकार किसानों की बात सुनने को तैयार नहीं है। साथ ही लखीमपुर की घटना पर सरकार का दोगला रवैया सामने आया है, जिससे किसान बहुत आहत हैं। अब 18 अक्टूबर को प्रदेश में रेल रोको आंदोलन शुरू होगा।
दरअसल, भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को थाना नगर कोतवाली क्षेत्र के मीनाक्षी चौक पर केंद्र सरकार का पुतला फूंकने का कार्यक्रम रखा था। भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता पुतला लेकर मीनाक्षी चौक पर पहुंचे तो पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जैसे ही भाकियू के कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई तो पुलिस ने भाकियू कार्यकर्ताओं से पुतला छीनने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और भाकियू कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। जहां भाकियू के कार्यकर्ताओं ने पुतले को आग लगाने की कोशिश की तो वहीं मौके पर पहुंची पुलिस पुतले में पैर मारकर आग बुझाने का प्रयास किया।
'सरकार का दोगला रवैया सामने आया'
इस दौरान भाकियू के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लंबे समय से किसान कृषि कानूनों के विरोध में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। वहीं, लखीमपुर की घटना पर भी सरकार का दोगला रवैया सामने आया है, जिससे किसान आहत हैं। इसलिए केंद्र सरकार का पुतला फूंका गया है। उन्होंने कहा कि 18 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा।
Published on:
16 Oct 2021 01:19 pm

बड़ी खबरें
View Allमुजफ्फरनगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
