शामली। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के शामली जिले के कैराना और बिजनौर जिले के नूरपुर में हुए उपचुनाव के नतीजों के लिए मतगणना जारी है। लेकिन जिस सीट पर सबकी निगाहें टिकी हैं वो है कैराना लोकसभा की सीट। इस सीट को जितने के लिए बीजेपी ने पूरी ताकत झोंक दी थी। सीएम योगी खुद चुनावी प्रचार के लिए यहां पहुंचे। लेकिन बीजेपी के रथ को रोकने के लिए विपक्ष मे बीजेपी के खिलाफ बड़ा चक्रव्यूह रच दिया। गोरखपुर और फूलपुर में सीट बीजेपी से छिनने के बाद अब कैराना में भी सपा, रालोद, बसपा, कांग्रेस ने गठबंधन कर बीजेपी को चौंका दिया। इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी समेत कई संगठनों ने भी विपक्षी एकता को समर्थन कर दिया। इसके बाद कैराना में अब बीजेपी बनाम विपक्षी गठबंधन है। बीजेपी विपक्षी एकता के इस गठबंधन को तोड़ पाती है या नहीं ये तो कुछ घंटों में साफ हो जाएगा। साथ ही 2019 की रुपरेखा का भी आकलन सामने आ जाएगा।