
मुजफ्फरनगर। 26 जनवरी 2018 को दिल्ली के लालकिले पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पर इस बार देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जनपद मुज़फ्फरनगर के एक किसान की बेटी साक्षी बालियान को भी गणतंत्र दिवस की परेड देखने का न्योता मिला है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से इंजीनियरिंग की छात्रा साक्षी बालियान के गांव ढिंढावली के पते पर एक निमंत्रण पत्र आया है, जिसे पढ़ने के बाद साक्षी के परिजनों की खुशी का ठिकाना न रहा, जिसके बाद परिजनों ने ये खबर गांव के लोगों को दी तो ग्रामीण भी झूम उठे क्योंकि ये मुज़फ्फरनगर के इतिहास में पहला मौका है, जब जनपद की होनहार बेटी देश के प्रधानमंत्री के साथ बैठकर गणतंत्र दिवस की परेड देखेगी।
दरअसल वो पल जनपद मुज़फ्फरनगर के लिए ऐतिहासिक था जब राजस्थान के ज्योति विद्यापीठ महिला विश्वविद्यालय जयपुर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रही छात्रा साक्षी बालियान को 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली गणतंत्र दिवस की परेड देखने के लिए उसके थाना तितावी क्षेत्रांतर्गत ढिंढावली गांव में उसके घर एक पत्र आया। यह पत्र केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की ओर से आया है, जिसके अनुसार साक्षी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ देश के बाकी 100 बच्चों के साथ बैठकर गणतंत्र दिवस की परेड देखेगी।
पत्र मिलने के बाद ढिंढावली गांव में खुशी का माहौल है। साक्षी के पिता संजीव कुमार पेशे से किसान हैं और मां परिणीता गृहणी हैं। परिणीता ने मीडिया से बातचीत में बताया कि बेटी को मिले इस मौके से सभी रिश्तेदार भी काफी खुश हैं और वे फोन करके बधाइयां भी दे रहे हैं। होनहार छात्रा साक्षी ने 8वीं तक की पढ़ाई गांव ढिंढावली और 2012 में इंटर लालूखेड़ी स्थित ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल से पास की थी और अब जयपुर के ज्योति विद्या पीठ महिला विवि में इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन की छात्रा हैं।
Updated on:
25 Jan 2018, 6:20 PM IST
Published on:
25 Jan 2018, 4:41 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.