
चीन से सटी LAC के पास नॉर्थ सिक्किम में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में भारतीय सेना के 16 जवान शहीद हो गए। इन शहीद जवानों में भोपा थाना क्षेत्र के यूसुफपुर गांव के लोकेश कुमार भी शामिल हैं।
10 दिन पहले छुट्टी खत्म कर ड्यूटी पर गए थे लोकेश
हादसे में शहीद लोकेश कुमार युसूफपुर गांव के रहने वाले थे। 9 साल पहले सेना में नायक पद से भर्ती हुए थे। परिजनों ने बताया कि वह एक महीने की छुट्टी पर आए थे। 10 दिन पहले छुट्टी पूरी होने के बाद वह वापस लौट गए थे। उन्होंने परिवार को बताया था कि उन्हें बंगाल से गुजरते हुए सिक्किम जाना है।
इकलौते बेटे का बलिदान
सैनिक लोकेश अपने परिवार के इकलौते बेटे हैं। इनकी शादी भी 2 साल पहले ही हुई थी। परिवार में किसान पिता उदयवीर सिंह, मां कुसुम, पत्नी तनु और बहन रश्मि हैं। लोकेश की अपने मां और पत्नी से आखिरी बात गुरुवार को हुई थी। लेकिन किसे पता था की यह उनकी आखिरी बात हो सकती है।
सैनिक लोकेश ने फोन पर परिजनों को ये बताया था कि वह अभी ड्यूटी पर तैनात है। वहां से वह शुक्रवार को वापस लौटेंगे। शुक्रवार के दिन यह हादसा हुआ। इससे परिजन घबरा गए और उन्होंने कई बार लोकेश को फोन किया। लोकेश ने फोन नहीं उठाया तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हो गई। शुक्रवार की रात स्थानीय पुलिस लोकेश कुमार के घर पहुंची और हादसे की जानकारी दी।
शव आज पहुंचेगा लखनऊ
PRO डिफेंस लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने बताया, “एक बचाव अभियान तुरंत शुरू किया गया। इसमें चार घायल सैनिकों को हवाई मार्ग से निकाला गया। इसमें दुर्भाग्य से तीन जूनियर कमीशंड अधिकारियों और 13 सैनिकों ने दुर्घटना में लगी चोटों के कारण दम तोड़ दिया।” उत्तर प्रदेश के शहीद जवानों का शव आज लखनऊ पहुंचेगा।
CM योगी ने जताया दुःख
CM योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर अपना दुख जाहिर किया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है, “सिक्किम में एक सड़क दुर्घटना में सेना के जवानों का निधन अत्यंत दु:खद व पीड़ादायक है। भारत के वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। परमपिता परमेश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।”
Published on:
24 Dec 2022 09:44 am
बड़ी खबरें
View Allमुजफ्फरनगर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
