5 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जिले में 3.27 लाख मीट्रिक टन माना मूंग का उत्पादन, 33 हजार किसानों से हो सकेेगी खरीद

सहकारिता विभाग ने भेजी मूंग उत्पादन की रिपोर्ट, एमएसपी पर खरीद के लिए नागौर जिले के 11 केन्द्रों पर होगी खरीद, सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को नहीं मिल रहे पूरे भाव

2 min read
Google source verification
moong

नागौर. जिले की प्रमुख खरीफ फसल मूंग की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद करने के लिए सहकारिता विभाग ने बुआई व अनुमानित उत्पादन के आंकड़े गुरुवार को जयपुर मुख्यालय भिजवा दिए। हालांकि राज्य सरकार ने अब तक एमएसपी खरीद को लेकर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू नहीं की है, ऐसे में किसान मायुस हैं और प्रति क्विंटल 1000 से 1500 रुपए का नुकसान झेलकर मंडी में मूंग बेचने को मजबूर हैं।

गौरतलब है कि नागौर जिला (डीडवाना-कुचामन सहित) प्रदेश का सबसे अधिक मूंग उत्पादन करने वाला जिला है। इस बार अकेले नागौर जिले में करीब 4 लाख हैक्टेयर में मूंग की बुआई हुई है और कृषि विभाग व राजस्व विभाग से मिली रिपोर्ट के अनुसार जिले में करीब 3.27 लाख मीट्रिक टन उत्पादन होने की संभावना है।

फैक्ट फाइल

मूंग का कुल बुआई क्षेत्र - 3,94,680 हैक्टेयर

अनुमानित उत्पादन - 3,27,977 मीट्रिक टन

मूंगफली का कुल बुआई क्षेत्र - 20,268 हैक्टेयर

अनुमानित उत्पादन - 34,452 मीट्रिक टन

तहसील वार मूंग की बुआई व अनुमानित उत्पादन

तहसील - बुआई - उत्पादन

नागौर - 52,510 - 43,635

मूण्डवा - 39,100 - 32,492

खींवसर - 26,520 - 22,038

जायल - 59,850 - 49,735

डेह - 36,750 - 30,539

मेड़ता - 75,550 - 62,782

रियांबड़ी - 53,450 - 44,417

डेगाना - 35,750 - 29,708

सांजू - 15,200 - 12,631

कुल - 3,94,680 - 3,27,977

नोट - बुआई हैक्टेयर में तथा उत्पादन के आंकड़े मीट्रिक टन में है।

दीपावली से पूर्व हो खरीद

किसानों का कहना है कि पिछले कुछ सालों से राज्य सरकार एमएसपी पर मूंग की खरीद एक नवम्बर के बाद शुरू करती है, जबकि मूंग की फसल सितम्बर के अंतिम सप्ताह में कटनी शुरू हो जाती है। ऐसे में रबी की बुआई करने के लिए किसानों को खाद-बीज व ट्रेक्टर का भाड़ा देने के लिए मजबूरी में कम दाम मिलने पर भी मंडी में मूंग बेचना पड़ता है। इस बार दीपावली भी 31 अक्टूबर व एक नवम्बर को है, ऐसे में किसानों का कहना है कि यदि सरकार दीपावली से पहले खरीद शुरू कर दे तो उनकी दीपावली अच्छी हो सकती है।

हमारी पूरी तैयारी

न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीद करने के लिए हमारी पूरी तैयारी है, इसके लिए हमने नागौर में 11 केन्द्र तय किए हैं। साथ ही खरीद करने के लिए बारदाना भी मंगवा लिया है। मुख्यालय के निर्देशानुसार नागौर जिले के मूंग व मूंगफली उत्पादन की रिपोर्ट भी भिजवा दी है।

- गंगाराम गोदारा, उप रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां, नागौर