No video available
-अस्पताल में डिलीवरी के बाद पीहर रेण जा रही थी प्रसूता
– राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर शुभदण्ड गांव के पास हुआ हादसा
– सीएचसी से छुट्टी मिलने के बाद लेकर आ रहे थे परिजन, नवजात बच्ची स्वस्थ
मेड़ता सिटी (नागौर). अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या- 58 पर शुभदण्ड गांव के पास शुक्रवार शाम को साढ़े चार बजे के करीब एक निजी लोक परिवहन की बस और वैन में जोरदार टक्कर हो गई। तेज रफ्तार बस की टक्कर से डिलीवरी के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर परिजनों के साथ रेण जा रही प्रसूता और वैन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। बस में सवार दो सवारियों सहित वैन में साथ बैठे प्रसूता के तीन परिजन घायल हो गए। गंभीर घायलों को मेड़ता में प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रैफर किया गया।
जानकारी के अनुसार मेड़ता के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गुरुवार को डिलीवरी के बाद शुक्रवार को प्रसूता छावटा निवासी गायत्री (22) पत्नी अशोक बावरी को डिस्चार्ज किया गया था। पीहर रेण जाने के लिए परिजनों ने मेड़ता सिटी से वैन किराए पर बुक की। अस्पताल से छुट्टी मिलने पर रेण आते वक्त एनएच 58 शुभदण्ड-संता की ढाणी के पास रेण की तरफ जा रही वैन को सामने से तेज रफ्तार में आई लोक परिवहन बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आवाज सुनकर ग्रामीण और खेत में कार्य कर रहे लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। इस सड़क दुर्घटना में वैन चालक और आगे बैठी प्रसूता की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों व वाहन चालकों ने घायलों को बाहर निकाला गया और निजी साधनों से मेड़ता सीएचसी पहुंचाया गया।
ओवरटेक बनी वजह…! इनकी हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रेण से तीन वाहन एक-दूसरे को ओवरटेक करके निकल रहे थे। इस दौरान सामने से आ रही वैन तेज रफ्तार बस से टकरा गई। हादसे में प्रसूता नागौर के पास छावटा निवासी गायत्री (22) पत्नी अशोक बावरी तथा वैन चालक डांगावास निवासी शिवा (35) पुत्र किशनाराम रैगर की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हुए घायल
दुर्घटना में वैन सवार नोरती (52) पत्नी गुदड़राम बावरी, पूर्वाराम पुत्र किशनाराम, सेनकी (30) पुत्र गणेशराम तथा बस में सवार मेड़ता सिटी निवासी तसलीम (22) पत्नी फिरोज खान, अलीना (5) पुत्री फिरोज खान और शरीफ पुत्र सलीम खान घायल हो गए। गंभीर घायल सेनकी सहित दो जनों को मेड़ता में प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रैफर किया गया। वैन में सवार नवजात एकदम स्वस्थ है।
लोक परिवहन के पीछे चल रहा ट्रेलर भी भीड़ा…मदद को जुटे सैंकड़ों हाथ
लोक परिवहन सेवा की बस और वैन की टक्कर के बाद पीछे चल रहा एक ट्रेलर भी बस में जा घुसा। गनीमत रही है कि ट्रेलर में सवार चालक या खलासी को कोई चोट नहीं आई। इस भीषण हादसे के बाद शुभदण्ड के कालु खां, मेड़ता से टैक्सी यूनियन के शिवसिंह, रेण से रविंद्र शर्मा, शंकरलाल भादू, इंद्रचंद मेघवाल सहित बड़ी संख्या में लोग घायलों को बाहर निकालने से लेकर अस्पताल में उपचार के लिए जुटे रहे।