
विवाहिता गुड्डी के कत्ल के आरोपी अनोपाराम मंगलवार को नागौर अदालत में पेश किया गया जहां उसे चार दिन और पुलिस रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए।
नागौर. विवाहिता गुड्डी के कत्ल के आरोपी अनोपाराम मंगलवार को नागौर अदालत में पेश किया गया जहां उसे चार दिन और पुलिस रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। गुड्डी के माता-पिता का ब्लड सेम्पल लिया गया ब्लड सेम्पल के साथ मृतका का जबड़ा, हड्डी और बाल भी बुधवार को डीएनएन के लिए भेजे जाएंगे। पूछताछ में पुलिस को बताई अनोपाराम की बातों ने पुलिस को उलझा दिया है। हालांकि पुलिस अब अपने स्तर पर गुड्डी के शव की तलाश में जुटी है, हालांकि जिस कुएं का अनोपाराम ने हवाला दिया है, उसे एक बार और खंगाला जाएगा। देर रात तक जुटी पुलिस को कुछ और जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि बुधवार को की जाएगी। अदालत के समक्ष पेश करने के बाद जब उसे रिमाण्ड मिला तो उसने कहा, मुझे जेल कब भेजेंगे।
सूत्रों के अनुसार अनोपाराम की मां व भाभी मंगलवार को उससे मिलने पहुंची तो उसकी रुलाई फूट पड़ी, उसने अपनी मां से कहा कि अब मेरा क्या होगा? उसने यह भी कहा कि मार तो दिया पर बॉडी का मेरे को भी पता नहीं? एएसपी राजेश मीना के साथ सीओ विनोद कुमार सीपा ही नहीं खींवसर थाना प्रभारी अशोक बिसु, पाचौड़ी एसएचओ सत्यनारायण और श्रीबालाजी थाना इंचार्ज महेंद्र सिंह पालावत मंगलवार को भी पूछताछ में जुटे रहे। मृतका के शव के टुकड़े कर मोटरसाइकिल पर लाकर कुएं में डालने की उसकी बात भी झूठी निकली। पुलिस अब अनोपाराम की सीडीआर भी खंगालने में जुटी है। अनुमान लगाया जा रहा है कि कत्ल करने में भले ही वो अकेला रहा हो पर बॉडी डिस्पोजल करने में उसकी किसी ने मदद की हो, पुलिस इस एंगल पर भी जांच कर रही है।
सूत्रों का कहना है कि गुड्डी के कपड़े समेत अनोपाराम के कबूलनामे से सबकुछ भले ही साफ हो गया हो पर उसका शव नहीं मिलने से पुलिस हैरान-परेशान है। आरोपी अनोपाराम से कड़ी पूछताछ के बाद भी जांच अटक कर रह गई है। उधर रालोपा के जिला अध्यक्ष हनुमान भाकर ने बढ़ते अपराध को लेकर कहा कि पुलिस का खुफिया तंत्र फेल हो गया। गुड्डी के प्रकरण का जल्द खुलासा नहीं किया तो रालोपा आंदोलन करेगा।
पढऩे लगा था नमाज
सूत्र बताते हैं कि अनोपाराम ने कुछ समय पहले नागौर शहर में एक मैकेनिक के यहां काम किया था। उसके बाद सिर पर टोपी लगाकर नमाज भी पढ़ता देखा गया। बाद में आसपास के लोगों के दबाव में उसने यह सब छोड़ा। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी खोजबीन शुरू कर दी है। गौरतलब है कि एक पखवाड़ा बाद भी गुड्डी का कत्ल करने का दावा करने वाला अनोपाराम उसके शव के बारे में पुलिस को सही नहीं बता रहा।
इनका कहना
पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़ रही है, अपने स्तर पर मिले कुछ महत्वपूर्ण सुराग के आधार पर जल्द ही खुलासा होगा।
-विनोद कुमार सीपा, सीओ नागौर
Published on:
07 Feb 2023 09:48 pm
