
Changemaker: Resolve to Contribute to Clean Politics
कुचामनसिटी. शहर के स्टेशन रोड स्थित न्यायालय परिसर में गुरुवार को पत्रिका के चेंजमेकर महाअभियान के तहत बार संघ की बैठक सम्पन्न हुई। इस दौरान अधिवक्ताओं ने स्वच्छ राजनीति में योगदान का संकल्प लिया। बार संघ अध्यक्ष शैतानाराम गुर्जर ने कहा कि राजस्थान पत्रिका ने अपने सामाजिक दायित्व को समझते हुए स्वच्छ राजनीति को लेकर वैचारिक क्रांति शुरु की है, जिससे आने वाले समय में मतदाताओं में जागरूकता आएगी व स्वार्थ की राजनीति करने वाले राजनेताओं को करारा झटका लगेगा। उन्होंने कहा कि आज की राजनीति रुपया कमाने का जरिया बन गई है। उन्होंने कहा कि सभी समाज, सभी लोगों में राजनैतिक सुधार लाने के लिए सम्मिलित प्रयास करना होगा। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कार्यक्रम संयोजक हनुवन्तसिंह ने कहा कि अंगे्रज भी फूट डालकर राज करते थे और वर्तमान राजनीति में बैठे स्वार्थी राजनेता भी फूट डालो राज करो की नीति अपना रहे है। ऐसे लोगों से सावधान होना होगा। राजनीति को स्वच्छ करना है तो जागरुक होना होगा। राष्ट्र को पहले मानते हुए अपने निजी स्वार्थों का त्याग करना होगा। आजादी की लड़ाई लडऩे वाले महात्मा गांधी, जवाहरनलाल नेहरु, सरदार बल्लभ भाई पटेल सहित अन्य कई नेता वकील थे। जिन्होंने आजादी और संविधान बनाने में अपनी भूमिका निभाई थी, आज अधिवक्ता राजनीति से दूर हो गए हैं। उन्होंने वकीलों को स्वच्छ राजनीति के आगे आने की बात कही। वरिष्ठ अधिवक्ता दौलत खान, एडवोकेट दिनेशसिंह बरवाली ने कहा कि राजनति को स्वच्छ करने के लिए बौद्धिक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी चाहिए। आज समाज को सही दिशा प्रदान वाले की समाज को जरूरत है। लोगों को जाति और धर्म आधारित राजनीति करने वाले नेताओं से बचना चाहिए।
राजनीति में प्रवेश के लिए शिक्षा हो पहली प्राथमिकता
एडवोकेट राजेन्द्रप्रसाद शर्मा ने कहा कि किसी भी सरकारी नौकरी के लिए कार्य के अनुरूप शिक्षित होना जरूरी है तो फिर राजनीति में आने के लिए भी पर्याप्त शिक्षा अनिवार्य होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अशिक्षित नेता देश की नींव को कमजोर करते है। बार संघ सचिव बोदूराम चौधरी ने कहा कि राजनीति में अनुशासन की भावना का होना भी जरूरी है। आज जिसे देखो वो अधिकारों की बात करता है, लेकिन अपने कर्तव्य कोई नहीं समझ रहा। उन्होने कहा कि मतदाता जिस दिन स्वच्छ राजनीति में अपने योगदान के लिए अपने कर्तव्य को समझने लग जाएगा, निश्चित रुप से परिवर्तन आएगा।
पहले खुद सीखें, फिर लोगों को सिखाएं
बार संघ प्रवक्ता ओमप्रकाश पारीक, एडवोकेट प्रभुराम गुर्जर, एडवोकेट लक्ष्मण गौड़, एडवोकेट प्रेमसिंह बीका सहित अन्य ने कहा कि राजनीति को स्वच्छ करना है तो पहले खुद को सीखना होगा उसके बाद दूसरों को सिखाएं कि किस तरह से राजनीति में अपनी भूमिका निभानी है। अधिवक्ताओं ने कहा कि ऐसे जनप्रतिनिधियों को आगे लाना होगा जो वास्तव में काम करे। इस अवसर पर श्रीराम चौधरी, माणकचंद, पुष्पेन्द्रसिंह, भंवराराम लोरा सहित अन्य ने कहा कि सबका साथ सबका विकास के नारे को सही मायने में धरातल पर लाना होगा। वर्तमान राजनीति इस एजेण्डे से भटकी हुई है। राजनीति का स्तर इतना गिर गया है कि राष्ट्रीय मुद्दों के स्थान पर व्यक्तिगत मुद्दों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। क्षेत्रीयवाद, समाजवाद, जातिवाद जैसी सोच को हटा कर देश की एकता बनी रहे के लिए संकल्प लेना होगा। इस मौके पर एडवोकेट दराब खान, अयुब अली, गुलशेर खान, मोहम्मद हनीफ खान, महेश पारीक, मुस्ताक खान, हरदेव चौधरी, महेन्द्र पारीक, श्यामसुन्दर सहित अन्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में अधिवक्ताओं ने राजनीति को स्वच्छ करने के लिए संकल्प लिया।
Published on:
23 May 2018 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
