नागौर. धनतेरस का पर्व मंगलवार को है। इसको ध्यान में रखते हुए बाजारों में बर्तनों, आभूषणों, कपड़ों आदि से दुकानें सज चुकी हैं। दुकानदारों को भी धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा का इंतजार है। रंगीन बिजली की झालरों से सजी दुकानें भी अब चमचमाने लगी हैं। रंगीन झालरों के रंगों में सजे प्रतिष्ठानों की रोशनी में बाजार भी अब रंगीन नजर आने लगा हैं।
बाजारों में बढ़ रही चहल-पहल
शहर के बाजारों में सदर बाजार, गांधी चौक क्षेत्र की दुकानें दुल्हन की तरह सजी अब खरीदारों के चहल-पहल से गुलजार होने लगी हैं। धनतेरस पर दुकानों में चांदी में ढले कई तरह के आकार-प्रकारों में गणाधिपति, चांदी के सिक्के में बने गणेश-लक्ष्मी, कुबेर, बांसुरी बजाते भगवान कृष्ण की प्रतिमा भी परंपरागत एवं अत्याधुनिक शैली में ज्वेलर्स के साथ दुकानों पर सजे हुए हैं। इस बार दुकानों में चांदी के गणपति एवं लक्ष्मी की प्रतिमा भी हल्के वजन से लेकर भारी वजन तक तैयार की गई है। अंगूठे के आकार के बने गणेश-लक्ष्मी अपने परंपरागत रूपों के साथ विभिन्न मुद्राओं में इस बार बनाए गए हैं। बर्तनों की दुकानें भी तांबा, पीतल के छोटे-बड़े कलश भी सज गए हैं। बर्तनों में भी कई वेराइटियां हैं। ताबां एवं पीतल के अलावा स्टील के बर्तन भी छोटे-बड़े आकार में लुभाते हुए नजर आने लगे हैं।
उपभोक्ताओं को ध्यान में रख बनाई स्कीमें
इलेक्ट्रानिक उत्पादों में वाशिंग मशीन एवं फ्रिज की कई वेराइटियां विभिन्न विशेषताओं के साथ बाजार में नजर आने लगी हैं। फ्रिज में थी्र स्टार से लेकर फाइव स्टार तक और फ्रिज में भी कोडिंग ग्रेड के हिसाब से उपलब्ध हैं। इसमें दुकानदारों ने दीपावली को ध्यान में रखते हुए खरीद की रेंज भी सभी उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए दीपावली स्कीम में निर्धारित की है। ताकी दुकान में आने के बाद फिर खरीदार खाली हाथ न जाए। गांधी के चौक में चूडिय़ों की खेप कोटा, उदयपुर एवं साडिय़ां भी जोधपुर आदि से मंगाकर दुकानों से सजाई गई है। रेडिमेड कपड़ों में यहां के बाजारों में परंपरागत एवं अत्याधुनिक वर्ग को ध्यान में रखकर कई वेराइटियां लगाई गई है। हालांकि कपड़ों में लंहगा एवं कसीदाकारी साड़ी की रेंज बाजार में दो हजार से लेकर अधिकतम रेंज तक उपलब्ध है, लेकिन दुकानदारों का कहना है कि उनके पास सभी रेंज के उत्पाद हैं। ताकी दुकान में आने के बाद फिर कोई खाली हाथ न लौटे।