
सेवा धाम आश्रम में नकदी के साथ जेवरात चुराने वाले कोई और नहीं चालक और गो सेवा करने वाला युवक ही निकले। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर पांच दिन के रिमाण्ड पर लिया है।
सीओ विनोद कुमार सीपा ने बताया कि श्रीबालाजी थाना इलाके में सेवा धाम आश्रम है। यहां के महंत बजरंगलाल ने हाल ही में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे कथा वाचन के लिए हरियाणा गए हुए थे। वहां से आकर कुटिया खोली तो खिड़की टूटी मिली व अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सामान संभाला तो दो लाख सत्तर हजार की नकदी, सोने की चार अंगूठी, एक हार व दो चूड़ी भी गायब मिली। कुछ समय पहले भी उनकी कार में रखा एक लाख से भरा बैग गायब हो गया था। इसके बाद एसपी राममूर्ति के निर्देश व एएसपी राजेश मीना के सुपरविजन में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में हैड कांस्टेबल पोकरराम, कांस्टेबल अख्तर अली व रूपाराम की टीम गठित कर अनुसंधान शुरू किया गया।
महंत बजरंग लाल ने गोसेवा के लिए रेवंतराम को रखा हुआ था। जांच में सामने आया कि इनका पूर्व चालक पोकरराम जाट का उससे मिलना-जुलना जारी है। कभी-कभार वो यहां आकर बजरंग लाल से उसे फिर रखने की गुहार भी करता। कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पुलिस ने पोकरराम (37) निवासी नोखा व रेवन्त राम (20) निवासी श्रीबालाजी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने वारदात कबूल ली है। थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमाण्ड लिया है। इनसे कुछ और वारदात खुलने की संभावना है।
तड़के से रात तक दबिश, साठ मामले दर्ज तो 63 गिरफ्तार
-अवैध खनन/परिवहन की रोकथाम पर पुलिस की कार्रवाई, 110 जगह दबिश, 64 वाहन जब्त
-229 टन अवैध पत्थर तथा 421 टन बजरी जब्त
पत्रिक न्यूज नेटवर्क
नागौर. अवैध खनन/परिवहन की रोकथाम के लिए पूरे नागौर में चलाए गए अभियान में पुलिस ने 63 जनों को गिरफ्तार कर 13 ट्रक समेत 64 वाहन जब्त किए। शनिवार तड़के चार बजे से रात बारह बजे तक चले इस कार्रवाई में 60 मामले दर्ज किए गए।
एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि डीजी उमेश मिश्रा के निर्देश पर अजमेर रेंज आई जी रुपिंदर सिंघ के सुपरविजन में इस दबिश की प्लानिंग तैयार की गई। नागौर एएसपी राजेश मीना, डीडवाना एएसपी विमल सिंह व कुचामन एएसपी गणेशाराम के नेतृत्व में टीम गठित की गईं। अवैध खनन/परिवहन पर लगाम लगाने के लिए दबिश गोपनीय तरीके से की गई, ताकि इस कारगुजारी में लगे बदमाश सतर्क न होने पाएं। पुलिस ने पूरे जिले में 110 स्थान पर दबिश दी। 60 मामले दर्ज कर 63 जनों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 51 ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा 13 ट्रक / डम्पर जब्त किए गए। इसमें 229 टन अवैध पत्थर तथा 421 टन बजरी जब्त की गई। नागौर शहर के हनुमान बाग में कई ट्रेक्टर ट्रॉली रोजाना अवैध पत्थर/बजरी का कारोबार कर रही है, इस पर भी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
27 Mar 2023 09:22 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
