5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

सरकार किसानों को फ्री देगी हाइब्रिड सब्जियों के बीज, बढ़ेगा उत्पादन

किसानों में सब्जी उत्पादन के प्रति रुझान बढ़ाने के लिए सरकार पहली बार किसानों को सब्जियां उगाने के लिए हाइब्रिड सब्जियों के बीज वितरित करेगी। इसमें जायद, रबी और खरीफ तीनों सीजन के लिए बीज दिया जाएगा।

2 min read
Google source verification
Government will give free seeds of hybrid vegetables to farmers

Government will give free seeds of hybrid vegetables to farmers

नागौर. राज्य सरकार इसी खरीफ सीजन से प्रदेश में सब्जियों की खेती को बढावा देने के लिए करीब 20 लाख किसानों को 58 करोड़ 50 लाख रुपए खर्च कर हाइब्रिड बीज फ्री बांटेगी। नागौर में 78,600 किसानों को बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया। फ्री में बीज मिलने से किसानों का सब्जियों की खेती की तरफ ज्यादा रुझान बढ़ेगा। किसानों को भी हाइब्रिड बीज से पैदावार ज्यादा मिलेगी। योजना का संचालन उद्यान विभाग के माध्यम से किया जाएगा।

आयुक्तालय ने प्रदेशभर में बीज वितरण का कार्यक्रम जारी कर दिया। उद्यान विभाग नागौर के उप निदेशक हरीश मेहरा ने बताया कि किसानों का चयन ग्राम पंचायत स्तरीय कमेटी के जरिए किया जाएगा। इसमें सरपंच, कृषि पर्यवेक्षक को सदस्य बनाया। चयन प्रक्रिया में महिला किसानों को 30 प्रतिशत तथा एससी व एसटी को भी आरक्षण रहेगा। सालभर मार्केट में सब्जियों की उपलब्धता बनी रहे, इसके लिए उद्यान विभाग ने खरीफ, रबी व जायद समेत तीनों सीजन में होने वाली फसल उगाने का कार्यक्रम तय किया है।

78,600 किसानों को मिलेंगे बीज

नागौर जिले में उद्यान विभाग की ओर से 78 हजार 600 किसानों को तीनों सीजन में हाइब्रिड सब्जियों के बीज उपलब्ध करवाए जाएंगे। विभाग ने जिले में वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान 78,600 किसानों से हाइब्रिड सब्जियों की खेती के लिए कार्यक्रम तय किया है। खरीफ में 32,300, रबी सीजन में 44,300 व जायद में 2000 किसानों को विभाग नि:शुल्क हाइब्रिड सब्जियों का बीज वितरित करेगा। योजना इसी खरीफ सीजन से ही लागू की जाएगी। बीज का वितरण 15 जुलाई से शुरू कर दिया जाएगा।

पांच सब्जियों के बीज देंगे
जिले में 78 हजार 600 किसानों को एक साथ पांच तरह की सब्जियों की फसलों का हाइब्रिड बीज वितरित किया जाएगा। खरीफ सीजन में एक किसान को टिंडा, भिण्डी, मिर्च, ग्वार, लॉकी की हाइब्रिड किस्म का बीज वितरित किया गाएगा। वहीं रबी सीजन में पालक, गाजर, बैंगन, मटर व मूली की खेती के लिए ज्यादा पैदावार देने वाली फसलों का बीज दिया जाएगा। गर्मियों में ककड़ी, टिंडा, भिंडी, लॉकी, ग्वार के बीज वितरित किए जाएंगे।

एक किसान उगा सकेगा आधा हैक्टेयर में फसल
योजना के तहत एक किसान अधिकतम आधा हैक्टेयर में हाइब्रिड सब्जियों की खेती कर सकेगा। योजना में बीज के दो तरह के पैकेट्स दिए जाएंगे। एक कोम्बो पैकेट, जिसमें एक किसान को अधिकतम 100 वर्गमीटर एरिया में सब्जियों की फसल उगाने के लिए पांच तरह के बीज मिलेंगे। दूसरा, एकल पैकेट्स, जिसमें एक किसान को एक ही सब्जी की फसल की 500 वर्गमीटर एरियों में खेती के लिए हाइब्रिड बीज दिए जाएंगे।

नि:शुल्क देंगे बीज किट
विभाग की और से किसानों को जायद, रबी व खरीफ के लिए सब्जी बीज किट नि:शुल्क दिए जाएंगे। एक पात्र किसान परिवार को एक सब्जी बीज किट ही उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के लिए बीज किट आवंटित हुए हैं।

- रविन्द्र सिंह रियाड़, कृषि अनुसंधान अधिकारी उद्यान, नागौर