
261 कमर्शियल सिलेंडर जब्त, दो वाहन सीज; कृषि भूमि पर बना था गोदाम
नागौर. शहर में अवैध रूप से गैस एजेंसी संचालित करने का बड़ा खुलासा रसद विभाग ने किया है। मुखबिर की सूचना पर डेह रोड पर कमर्शियल गैस सिलेंडरों की अवैध बिक्री की सूचना मिलने पर प्रवर्तन अधिकारी देवाराम सारण के नेतृत्व में टीम ने छापा मारा। कार्रवाई के दौरान रामअवतार पूनिया, प्रवर्तन निरीक्षक शिवराम चौधरी और जितेंद्र बंशीवाल की टीम ने मौके पर युवक मुन्नीराम से पूछताछ की और एक वाहन सीज किया। पूछताछ के बाद टीम ने चिमरानी फांटे के पास कृषि भूमि पर बने गोदाम पर छापा मारा। यहां तलाशी लेने पर 261 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए। मौके से दो वाहन भी सीज किए गए। जांच के दौरान एलपीजी गैस के भंडारण और विक्रय संबंधी अनुज्ञा पत्र तथा कृषि भूमि के दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। नागौर भारत गैस एजेंसी के नाम से कमर्शियल सिलेंडरों की अवैध सप्लाई की जा रही थी। डेह रोड पर देवीलाल के घर पर सिलेंडर बेचते हुए राजेश गोदारा और खेराट डेह के मुन्नीराम को पकड़ा गया। विभाग ने संपूर्ण प्रकरण को सीज कर कलेक्टर न्यायालय में परिवाद प्रस्तुत किया है। अधिकारियों ने बताया कि बिना अनुमति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर इतने बड़े पैमाने पर गैस सिलेंडरों का भंडारण न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। मामले में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है…
शहर के डेह रोड पर अवैध रूप से गैस एजेंसी की तर्ज पर काम किया जा रहा था। जानकारी मिलने पर योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही कर इस पूरे मामले का खुलासा किया है। जांच का अभियान जारी रहेगा।
अंकित पचार, जिला रसद अधिकारी नागौर
Published on:
20 Feb 2026 11:08 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
