Rajasthan News: मेड़ता सिटी सरहद स्थित एक खेत में कृषि कार्य करते समय मंगलवार शाम 4 बजे करीब आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य महिला-पुरुष भी झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए मेड़ता के उपजिला अस्पताल लाया गया। जानकारी के अनुसार मोररा गांव निवासी ओमप्रकाश मेघवाल (45) और मजदूर सोगावास निवासी रामरतन (40) एवं केलवाड़ा निवासी सीता देवी (38) मेड़ता के पास एक खेत में कार्य कर रहे थे। तभी अचानक बदले मौमस के बाद छाई काली घटाओ के बीच कड़ाके के साथ बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे ओमप्रकाश, रामरतन और सीताबाई गंभीर रूप से झुलस गए। इन्हें 108 एंबुलेंस से मेड़ता शहर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मोररा निवासी ओमप्रकाश मेघवाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मेड़ता विधायक लक्ष्मणराम कलरू भी अस्पताल पहुंचे।