19 अप्रैल 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खुद को पुलिसकर्मी बताकर 25 हजार छीने, अपहरण कर ऑनलाइन व एटीएम से और लिए 50 हजार रुपए

घर जाते समय जबरन उठाया : पुलिसकर्मी सहित 4 के खिलाफ एसपी को शिकायत

2 min read
Google source verification

नागौर@पत्रिका. नागौर जिले में एक व्यक्ति ने डीएसटी पुलिसकर्मी सहित चार व्यक्तियों के खिलाफ लूट, अपहरण और जबरन वसूली को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक, नागौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, भ्रष्टाचार निरोधक विभाग, नागौर को शिकायत दी है।। मुण्डासर निवासी पीडि़त ने शिकायत के साथ ऑनलाइन किए गए ट्रांजेक्शन व एटीएम से निकाले गए रुपयों के मैसेज की फोटो भी पुलिस अधिकारियों को उपलब्ध करवाई है।

गौरतलब है कि चार दिन पहले नागौर डीएसटी पर एक हिस्ट्रीशीटर से लेनदेन का मामला सामने आया था, जिसके बाद एसपी रोशन मीना ने तीन कांस्टेबलों को निलम्बित करते हुए शेष टीम को लाइन हाजिर कर दिया था। वहीं दो दिन पूर्व मेड़ता डीएसटी की ओर से गत माह पकड़े गए अवैध बजरी के ट्रकों को बिना कार्रवाई छोड़ने का मामला चर्चा में है, इन सब के बीच शनिवार को एक और नया मामला सामने आ गया। हालांकि मामले की सच्चाई जांच के बाद सामने आएगी, लेकिन शिकायत मिलते ही एसपी ने प्रकरण की जांच प्रशिक्षु आईपीएस जतिन जैन को सौंप दी है। आईपीएस जैन ने बताया कि जांच में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह है पूरा मामला

पीडि़त नरपतराम की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार 17 अप्रेल की रात्रि लगभग 10 से 10:30 बजे के बीच वह मोटरसाइकिल से छीला से नागौर जाने वाली बॉर्डर रोड से अपने घर जा रहा था। उसके पास 25,400 रुपए नकद थे। उसी दौरान एक कार, जिसमें चार व्यक्ति सवार थे, उसके पास आकर रुकी। कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी। चारों ने खुद को डीएसटी बीकानेर और नोखा से संबंधित बताते हुए पूछताछ के बहाने गाड़ी में बैठने को कहा। मना करने पर उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया गया और छीला की ओर ले गए। छीला में चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन व 25,400 रुपए नकद छीन लिए। इसके बाद उससे 2 लाख रुपए की मांग की गई और धमकी दी कि पैसे न देने पर झूठे मामले में फंसा देंगे या जान से मार देंगे। जब नरपत राम ने असमर्थता जताई तो कम से कम एक लाख रुपए देने के लिए कहा। पीडित ने अपने मोबाइल नंबर से अपनी माता बिसना देवी को फोन कर पैसे मंगवाए। उसकी माता ने नंदू नाई को फोन किया, जिन्होंने नरपत राम के खाते में 12 बजे 30 हजार रुपए भेजे।

वीडियो बनाकर धमकी भी दी

आरोप है कि पीडि़त का एक वीडियो भी बनाया, जिसमें उससे यह कहलवाया गया कि उसके पास 20 किलो डोडा पोस्त है और वह आज के बाद यह धंधा नहीं करेगा। उसे यह भी धमकी दी गई कि यदि चालाकी की तो वीडियो का उपयोग कर झूठे मुकदमे में फंसा देंगे। पीडि़त ने शिकायत में श्रीबालाजी थाने के एक अधिकारी के साथ एक हैड कांस्टेबल व एक कांस्टेबल का नाम भी लिखा है। पीडि़त ने बताया कि उसके फोन से संजय उपाध्याय नामक व्यक्ति को रुपए ट्रांसफर करने का प्रयास किया, लेकिन विफल रहा। इसके बाद उसे नोखा स्थित एसबीआई एटीएम लेकर गए, जहां नरपतराम के खाते से 30 हजार रुपए निकाले गए। इसके बाद शक्ति सिंह नामक व्यक्ति को भी 5,000 रुपए ट्रांसफर किए गए। बाद में, उन्होंने फिर पैसे की मांग करते हुए नंदू नाई से किशन नामक व्यक्ति के मोबाइल नंबर पर 15 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने पिस्तौल दिखाकर धमकी दी। इसके बाद रात्रि लगभग एक बजे नरपत राम को नोखा-नागौर रोड पर पेट्रोल पंप के पास छोड़कर आरोपी चले गए।