20 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कार सवार बदमाशों ने पहले बाइक के टक्कर मारकर गिराया, फिर लाठियों व हॉकी स्टिक से की संगीन मारपीट

जानलेवा हमले में सुनील सांखला नाम का युवक गंभीर घायल, पवन देवड़ा व अन्य के ​खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज

3 min read
Google source verification
Sunil sankhla

Sunil sankhla

नागौर. शहर के बीएसएफ रोड पर शुक्रवार रात को एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। कार सवार चार बदमाशों ने मेडिकल दुकान चलाने वाले ताऊसर निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सुनील सांखला की बाइक को घर लौटते समय कार से टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया और उसके बाद गंभीर मारपीट की। वह गंभीर घायल हो गया। घटना रात करीब साढे 8 से 9 बजे के बीच की है।

पुलिस के अनुसार सुनील बाइक लेकर बीएसएफ रोड से घर जा रहा था, इस दौरान बदमाशों ने उसे कार की टक्कर मारकर गिरा दिया और गंभीर मारपीट कर आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने घायल युवक को पहले निजी अस्पताल पहुंचाया, वहां से उसे जेएलएन अस्पताल भेज दिया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जोधपुर रेफर किया गया।

थाने पहुंचे माली समाज के लोग

घटना की सूचना मिलते ही माली समाज के लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में समाज के लोग देर रात कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। लोगों ने इसे सुनियोजित हमला बताते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की ।

सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहता है सुनील

ताऊसर के हीरालाल भाटी ने बताया कि सुनील सामाजिक गतिविधियों में महेशा सक्रिय रहता है। वह पौधरोपण, श्रमदान और अन्य जनहित कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता है। उसने ताऊसर के युवाओं का एक समूह भी बना रखा है, जो गांव में सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देता है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

युवक का अपहरण कर बेरहमी से मारपीट का मामला

घटना को लेकर सुनील के चाचा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट देकर मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट में बताया कि सुनील का अपहरण कर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई और आरोपियों ने उसे मरा समझकर सड़क किनारे फेंक दिया। घायल युवक को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार ताऊसर सेकसर बास निवासी चम्पालाल सांखला की हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में मेडिकल नाम से दुकान है, जिस पर उसका भतीजा सुनील कार्य करता है। शुक्रवार रात करीब 8 बजे सुनील दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान पवन देवड़ा निवासी ताऊसर और उसके 3-4 साथियों ने सुनसान इलाके में उसकी बाइक को कार से टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मुंह ढक रखा था और टक्कर के बाद सुनील को जबरन कार में डालकर अपहरण कर लिया। इसके बाद रास्ते में लोहे के सरियों और हॉकी ​स्टिक से उसके साथ मारपीट की गई तथा उससे पैसों की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।

घटना के बाद आरोपियों ने सुनील को जमासर-अतुसर रोड स्थित सब्जी मंडी के पास मरा समझकर फेंक दिया और उसका मोबाइल व नकदी लेकर फरार हो गए। बाद में स्थानीय लोगों लालाराम और लुणाराम ने घायल अवस्था में युवक को देखकर परिजनों को सूचना दी। परिजन उसे तुरंत जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर जोधपुर रेफर कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने कोतवाली थाने में आरोपियों के खिलाफ अपहरण, लूट और जानलेवा हमले का मामला दर्ज करवाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।