नागौर. जिले में आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से शनिवार को शहर के गोगेलाव रोड़ स्थित हेडवक्र्स पर ऑपरेशन शील्ड अंतर्गत हवाई हमला होने पर सुरक्षा व बचाव के लिए मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान हमले की सूचना पहुंचे जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित एवं जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस ने मौके पर पहुंचकर मॉक ड्रील की कार्यवाही एवं बचाव व नागरिक सुरक्षा के इंतजामों का निरीक्षण कर स्थिति देखी।
मॉक ड्रील में राहत, बचाव एवं नागरिक सुरक्षा अंतर विभागीय समन्वय को परखा
मॉक ड्रील के तहत शनिवार की शाम साढ़े 7 बजे नियंत्रण कक्ष से पम्प हाउस पर हवाई हमले की सूचना प्रसारित कराई गई। सूचना मिलते ही तुरन्त जिला प्रशासन, पुलिस, चिकित्सा दल, अग्निशमन, एम्बुलेंस, सिविल डिफेंस, नगर निगमकर्मी सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव के लिए रेस्क्यू शुरू कर दिया। मॉक ड्रील के दौरान वहां लगी आग को बुझाने की त्वरित रूप से बुझाने के साथ ही क्लोरी के रिसाव पर काबू पाया गया। इसके बाद संबंधित दलों की ओर से वहां पर मिले 20 घायलों को तुरन्त रेस्क्यू कर उपचार के लिए जेएलएन चिकित्साल में एम्बुलेंस से भेजवाया गया। इसके साथ ही संपूर्ण परिसर में राहत व बचाव कार्य करने तथा रेस्पॉन्स टाइम पर उपकरणों का सही सही तरीके से कार्य आदि तैयारियों समीक्षा की गई। इसमें आगजनी की चेतावनी प्रणाली, हॉटलाइन, रेडियो लिंक, नियंत्रण कक्षों की कार्यप्रणाली,मेडिकल,और अग्निशमन व्यवस्था जैसी व्यवस्थाओं का अभ्यास इस ड्रिल में किया गया।
जेएलएन अस्पताल में घायलों की पूछी कुशलक्षेम एवं ब्लड बैंक का किया निरीक्षण
मॉक ड्रिल के दौरान घायल हुए लोगों को निकटवर्ती जेएलएन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर जिला कलक्टर अरुण कुमार पुरोहित, जिला पुलिस अधीक्षक नारायण टोगस, अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर, तहसीलदार नरसिंह सहित उच्चाधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों से कुशलक्षेम पूछी तथा आपातकालीन स्थिति में आवश्यकता होने पर ब्लड बैंक में ब्लड की उपलब्धता एवं वहां रक्तदान की स्थिति आदि व्यवस्थाएं जांची। इसके बाद जिला कलक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा प्रमुख चिकित्सा अधिकारी से चिकित्सा व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
यह अधिकारी भी मौके पर पहुंचे
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर चंपालाल जीनगर,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार, सीईओ रविंद्र कुमार, उपखंड अधिकारी गोविंद सिंह भींचर, वृताधिकारी रामप्रताप विश्नोई, सीएमएचओ डॉ. जुगल किशोर सैनी, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता श्योजीराम, प्रोजेक्ट के अधीक्षण अभियंता पी.एस. तंवर, जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता मोहनलाल कड़़ेला, डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार सहित परिवहन विभाग, नगरपरिषद, बीएसएफ, पुलिस के जवान, स्काउट गाइड एवं संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कार्मिक आदि मौजूद थे।