
नागौर में बड़े पीर साहब की दरगाह में उर्स के मौके पर कव्वाली की धूनों के बीच चादर चढ़ाने जाते जायरीन
नागौर. सैयद सैफुद्दीन जीलानी रोड स्थित दरगाह बड़े पीर साहब में मनाए जा रहे सालाना उर्स के मौके पर मंगलवार को बड़ा उर्स मनाया गया। इस अवसर पर कईं धार्मिक कार्यक्रम हुए जिसकी शुरूआत फज्र की नमाज के बाद कुरान ख्वानी से हुई। शाम चार बजे नकाश में आजाद चौक स्थित हाजी मस्सा पीर से चादर शरीफ का जुलूस दरगाह के सज्जादा नशीन पीर सैयद सदाकत अली जीलानी की अगुवाई में रवाना हुआ जो शहर की पीपली गली, हाथी चौक, सदर बाजार, तहसील चौक, नाहर पोल होते हुए दरगाह बड़े पीर साहब पहुंचा। वहां चादर चढ़ाकर सज्जादानशीन ने दुआ करवाई। अस्र की नमाज के बाद विशेष कबूली का लंगर फातिहा ख्वानी कर जायरिनों व स्थानीय लोगों को खिलाया गया।
मुरादों के धागे बांधे
उर्स में मुम्बई, गुजरात, बिहार, पश्चिम बंगाल, जयपुर , जोधपुर से जायरिनों ने भाग लिया। जायरीनों की सुबह से ही भीड़ नजर आई। अकीदतमंद चादर के जुलूस के साथ बढ़ी संख्या में दरगाह पहुंचे और अकीदत के फूल पेश कर दरगाह में मुरादों के धागे बांधे। दोपहर में जौहर की नमाज नात की महफिल सजी। जिला अल्पसंख्यक कांग्रेस की ओर से उर्स के मौके पर चादर चढ़ाई गई। इस दौरान जावेद गौरी, शकील बख्शी, उमर फारूख अंसारी, हारून पहलवान सहित कार्यकर्ता मौजूद थे।
कव्वालों ने बांधा समां
बड़े उर्स के मौके पर रात को इशां की नमाज के बाद हुए कव्वाली के कार्यक्रम में सारेगामापा लिटील चैम्प २०११ के प्रतिभागी सलमान अली एण्ड पार्टी ने बड़े पीर साहब की शान में ‘इस शाने करम का क्या कहना, दर पे तुम्हारे जो भी आते’ मौला अली की शान में ‘अली मौला, अली मौला करम..’ गौसे आजम की शान में ‘ अल मदद पिराने पीर, अल मदद’ पेश कर जायरीनों में समां बांधा तो ख्वाजा साहब की शान में ‘हम ख्वाजा के दिवाने हैं...’ कलाम पढ़ कर जायरिनों को झूमने पर मजबूर कर दिया। अय्यूब जयपुरी एण्ड कव्वाल पार्टी ने ‘मैं नाते सरकार पढ़ रहा हूंं’ गौसे आजम की शान में ‘अदब करोगे शहे बेनजीर आते है...’ ख्वाजा साहब की शान में ‘गरीब नवाज की याद आए, अजमेर सजन की प्यासे नेना जागे...’ कव्वाली की प्रस्तुति दी। आरीफ, नूर मोहम्मद, मोहम्मद सलमान, सलमान जयपुरी, समीर चिश्ती, मुशव्वीर अली, आलीम वारसी ने सहयोग किया तो स्थानीय कव्वाल नईमुद्दीन सरफुद्दीन कव्वाल पार्टी व जोधपुर के फिरोज शाबरी एण्ड कव्वाल पार्टी ने भी एक से बढक़र एक कलाम पेश किए।
Published on:
03 Jan 2018 12:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
