
फोटो पत्रिका नेटवर्क
नागौर जिले के डेगाना तहसील के हरसौर गांव में 10 टन अवैध विस्फोटक मामले के मुख्य आरोपी सुलेमान देशवाली के फार्महाउस पर शुक्रवार को प्रशासन और पुलिस ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुंची और सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को ध्वस्त कर करीब 25 बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया। मौके पर बने मकान को भी सीज कर दिया गया।
जांच में सामने आया कि सुलेमान ने लगभग 45 बीघा जमीन में फार्महाउस बना रखा था, जिसमें से 25 बीघा सरकारी गोचर भूमि पर अवैध कब्जा था। चारदीवारी, मेडबंदी, तारबंदी, डेम, पुराना कुआं और पिलर समेत सभी अवैध निर्माण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त किया गया।कार्रवाई के दौरान तहसीलदार सतीश कुमार राव सहित थांवला, डेगाना और पादूकलां थानों का पुलिस जाब्ता तैनात रहा।
गौरतलब है कि 24 जनवरी को पुलिस ने सुलेमान के कब्जे से करीब 10 टन अवैध विस्फोटक बरामद किया था। इसके बाद सुलेमान और चार सप्लायर्स को गिरफ्तार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एनआईए को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि सुलेमान विभिन्न मैगजीन होल्डर्स से अवैध विस्फोटक खरीदता था और उसके नेटवर्क में देवराज मेड़तिया भी शामिल था। तहसीलदार सतीश कुमार राव ने बताया कि सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण मुक्त कर राजस्व विभाग के कब्जे में लिया गया।
Updated on:
06 Mar 2026 09:20 pm
Published on:
06 Mar 2026 09:08 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
