
celebrated Mahashivratri
नागौर. महाशिवरात्रि का पर्व मंगलवार को धूमधाम से मनाया गया। शिवालयों में अलसुबह से ही हर-हर महादेव व बम भोले के जयकारे सुनाई देने लगे। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक व सहस्त्राभिषेक करते हुए वैदिक रीति से पूजन अर्चना कर महाकाल की स्तुति की। महा शिवरात्रि ? पर मंदिरों में आकर्षक सजावट तथा श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की गई। वैद्यनाथ महादेव मंदिर में सुबह पांच बजे रुद्राभिषेक हुआ तथा मंदिर को पुष्कर से पुष्प मंगवाकर श्रंगृार किया गया। शिवबाड़ी स्थित शानेश्वर महादेव मंदिर में सुबह रूद्राभिषेक तथा रात को फक्कड़ निकाला गया। पुलिस लाइन स्थित पंचमुखी महादेव मंदिर के पंडित सुरेश जोशी ने बताया कि सुबह पांच बजे रूद्राभिषेक, सुबह छह बजे आरती, रात्रि में भजन का कार्यक्रम हुआ। बंशीवाला मंदिर के सीताराम महेश पुजारी ने बताया कि पातालेश्वर महादेव मंदिर में सुबह रुद्राभिषेक, शाम को भजन कीर्तन हुए। दीप कॉलोनी में स्थित शिव मंदिर में हुए जागरण में हरसुख लटियाल एंड पार्टी ने प्रस्तुति दी। नाईवाड़ा स्थित जालेश्वर महादेव मंदिर में रात्रि को जागरण में स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुति दी। तुलसी चौक स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर चांदी से निर्मित प्रतिष्ठित शिवलिंग के दर्शन व महाआरती रात 8 बजे हुई। रात्रि में 4 प्रहर के 4 महाभिषेक पंडित हनुमानगुरु व पुजारी दिनेश शर्मा ने करवाया। प्रताप सागर स्थित जबरेश्वर महादेव मंदिर, तुलसी चौक स्थित महादेव मंदिर, झवंर धर्मशाला स्थित मृत्युजंय महादेव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में में भी रुद्राभिषेक, आरती तथा विशेष पूजा, प्रसादी तथा रात को जागरण के कार्यक्रमों में भजन पार्टियों ने प्रस्तुतियां दी।
पुष्करणा समाज ने निकाली बारात
महा शिवरात्रि के मौके पर पुष्करणा समाज की ओर से शिव बारात निकाली गई। इस मौके पर लोढ़ों का चौक स्थित गणेश मंदिर से गणेश वंदना गायन नमो नमो रे, नमो जय जय गणपत नमो से हुआ। वर्षों पुरानी परम्परा निभाते हुए इसके बाद पूर्व नरेश गजसिंह से आज्ञा लेकर घूंसो बाज्यो रे.. के साथ मेड़तावाड़ी स्थित नाहरसिंह भेंरू से शिव बारात रवाना हुई। शिव बारात को स्थानीय लोग फक्कड़ निकालना भी कहते हैं। शिव बारात लोढ़ो का चौक, सिंघवियों की पोल, काठडिय़ां हाथी चौक होती हुई शिव बाड़ी स्थित शिव मंदिर पहुंची जहां से मो पे जादू डाला रंगीली तोरी आंखड़लिया शिव वंदना का गायन हुआ। तत्पश्चात शिव बारात ब्रह्मपुरी इलोजी स्थल होते हुए आजाद चौक, पित्तीवाड़ा पहुंची जहां यह शिव बारात समाज की गेर में बदल गई। यहां पुरोहित, छंगाणी, कोलाणी, व्यास समाज की ओर से सगे सम्बन्धियों का होली की मिठी गार के गायन हुए। इसके बाद देर रात समाज की गेर लोढ़ो का चौक गणेश मंदिर पहुंची। शिव बारात में ओमप्रकाश मूथा, घनश्याम आचार्य, महेश बोड़ा, गोपाल व्यास, हितेन्द्र व्यास, विष्णुदत्त बोहरा, नारायण पुरोहित, पूनमचन्द सुथार, अजय व्यास, गिरीराज व्यास, किशन बोहरा, संजय व्यास, विजय व्यास, अरूण व्यास, जेडी जोशी सहित कई जनें मौजूद थे।
सजाई शिव चैतन्य की झांकी
रेलवे स्टेशन चौराहे पर स्थित प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में सुबह 9 बजे त्रिमूर्ति शिव जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। विधायक हबीबुर्रहमान ने शिव ध्वज फहराया। गुब्बारे उड़ाकार परमात्मा शिव का संदेश दिया गया। गांधी चौक विजय बल् लभ चौराहा पर सभापति कृपाराम सोलंकी ने तथा डॉ. बीएल भूतउ़ा ने गुब्बारे उड़ाए। शाम सात बजे परमात्मा शिव की चैतन्य झांकी सजाई गई। झांकी का उद्घाटन शिक्षा अधिकारी रजिया सुल्ताना ने करते हुए केक काटा। इस दौरान शिव के संदेश गुब्बारे उड़ाकर दिए गए। लेजर शो से आध्यात्मिक ज्ञान दिया गया।
मांझवास में मनाई शिवरात्रि
निकटवर्ती गांव मांझवास में मंगलवार को महाशिवरात्रि धूमधाम के साथ मनाई गई। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में पूरे दिन मंदिर परिसर में पंडित रामनिवास, अवतार, ललित ने शिव अभिषेक व भजनों की प्रस्तुति दी। महेन्द्र गोरचिया ने बताया कि बुधवार को मांझवास स्थित पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि मनाई जाएगी तथा शिव अभिषेक चलेंगे। रात को जागरण होगा।। इस दौरान पीठ के संत रघुनाथ मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सुखराम काला, दिनेश मांझू, ओमप्रकाश, राजेन्द्र गोरचिया सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
151 किलो की प्रसादी
वीर तेजा कॉलोनी में एफसीआई गोदाम के पास स्थित रक्षेश्वर महादेव मंदिर में 151 किलो गाजर के हलवे का भोग लगाया गया। रात को जागरण में गायक कलाकार हड़मान राम एण्ड पार्टी ने भजनों की प्रस्तुति दी।
Published on:
14 Feb 2018 12:05 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
