
नागौर/ पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क. गोटन थाना इलाके के टालनपुर गांव में सोमवार को दो गुटों का झगड़ा दरअसल एक साल पहले के प्रेम-विवाह के बाद उपजे हालात का परिणाम रहा। पुलिस ने मंगलवार को दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मामले दर्ज कर लिए हैं। झगड़ा करने वाले आठ जनों को पुलिस ने शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि शेष को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। मेड़ता सीओ नरेन्द्र मीणा के सुपरविजन में गोटन थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने दूसरे दिन भी घटनास्थल का मौका-मुआयना कर कुछ लोगों से पूछताछ की। झगड़े में शामिल कुछ और आरोपियों को हिरासत में लेने के समाचार हैं।
सूत्रों के अनुसार टालनपुर में एक युवक ने करीब एक साल पहले यहीं की युवती से आर्य समाज में प्रेम विवाह किया। इसके बाद वो वापस अपने मां-बाप के पास आ गई। फिर वो युवक के साथ चली गई। बाद में पुलिस ने दस्तयाब कर उसे पेश किया तो उसने युवक के साथ रहने की इच्छा जताई। बाद में पुलिस ने उसे नागौर के सखी सेंटर में शिफ्ट कर दिया। युवती ने पिछले माह युवक के खिलाफ ही बलात्कार का मामला दर्ज करा दिया। इसके बाद भी वो युवक से सम्पर्क में रही और उसके साथ रहने की जिद पर अड़ी रही। बताते हैं कि मामला दर्ज होने और जातिगत मसलों को लेकर दोनों पक्षों में सहमति नहीं हो पाई और सोमवार की शाम उनके बीच लाठी-भाटा जंग हुई। इसमें दोनों पक्षों के पंद्रह लोग घायल हो गए, उनमें आठ महिलाएं शामिल थीं। इनको उपचार के लिए जोधपुर रेफर किया गया था, जिनमें घनश्याम (20) को छोड़कर शेष को डिस्चार्ज कर दिया गया। घनश्याम की हालत गंभीर बनी हुई है।
ये हुए थे घायल
थाना प्रभारी गोपाल कृष्ण ने बताया कि सोमवार को झगड़े में एक पक्ष के हीराराम जाट (80), रामलाल (55), रुकड़ी (60), बलराम (37), लक्ष्मी (27), नैनी (40) और मंजू (40) घायल हुए, वहीं दूसरे पक्ष के समंदरराम मेघवाल (55), राजेश (40), अरुण (19), सेटी देवी (40), कमला (40), संतोष (40), परमा देवी (45) और घनश्याम (20) चोटिल हुए। घनश्याम के अलावा सबको उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार एक पक्ष के इंदरराम मेघवाल (40), रामप्रकाश (38), रामेश्वर (42), रामकिशोर (41) और रामकुमार (32) तो दूसरे पक्ष के रामनारायण जाट (19), ओमप्रकाश (60) और रामकरण (70) को गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें : राजस्थान के इस जिले में खुलेंगे तीन नए पुलिस थाने
मेड़ता सीओ नरेन्द्र मीणा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मामले दर्ज कराए गए हैं। रामनिवास जाट ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि खेत से घर लौट रही उसकी भाभी के साथ समन्दरराम, भागीरथ आदि ने रास्ता रोका। चिल्लाने पर हमारे परिवार के अन्य सदस्य रामलाल, रामप्रकाश व अन्य आए तो समंदर, भागीरथ, इंदरराम, भाकरराम, राजूराम, रामकिशोर आदि ने उन पर तलवार/कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वहीं दूसरे पक्ष के राजेश कटारिया ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सोमवार की शाम वो घर आ रहा था तभी हीराराम, रामकरण, रामप्रकाश ने मुझे गालियां निकालना शुरू किया। बीच-बचाव करने आए समंदरराम पर हथियारों से वार किया। अनिल, प्रतीक, राजेंद्र, रामभरोसे आदि ने उन पर हमला किया। दोनों तरफ से हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
Published on:
17 May 2023 11:35 am

