26 मई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पाई-पाई का होगा हिसाब… आज नीलामी के ‘कटघरे’ में पहुंचेगा ‘रातों-रात उतरा’ मूंग

मेड़ता शहर में 3 महीने पहले तिलम संघ केंद्र पर पकड़े गए 688 मूंग से भरे बैग के अनाधिकृत स्टॉक का मामला। गठित कमेटी ने बैठक की। इसमें निर्णय कर मंडी परिसर में दाेपहर 3 बजे नीलामी बोली लगाई गई। यह मूंग हरियाणा से ट्रक में भरकर यहां तिलम संघ के केन्द्र पर तुलवाने के लिए लाया गया था।

2 min read
Google source verification
तिलम संघ केंद्र पर अवैध रूप से पहुंचे 35 टन मूंग का मामला

तिलम संघ केंद्र पर अवैध रूप से पहुंचे 35 टन मूंग का मामला

मेड़ता सिटी (नागौर). करीब तीन महीने पहले मेड़ता शहर स्थित एमएसपी के बंद तिलम संघ केंद्र पर रातों-रात पहुंचे अनाधिकृत मूंग के मामले में अब विभाग पाई-पाई का हिसाब करने की तैयारी में जुट गया है। लंबे विवाद, धरने और जांच प्रक्रिया के बाद अब मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर में 688 बैग मूंग स्टॉक की नीलामी करवाई जाएगी।

सोमवार को गठित निस्तारण समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभागीय अधिकारियों एवं समिति प्रतिनिधियों ने मूंग की नीलामी प्रक्रिया, बोली व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। अब आज दोपहर 3 बजे अनाधिकृत रूप से केंद्र पर पहुंचाए गए मूंग स्टॉक की सार्वजनिक नीलामी बोली लगाई जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली है।

प्रशासन के समन्वय से इस मूंग का ऑक्शन

अब गठित कमेटी के अध्यक्ष कृषक क्रय-विक्रय सहकारी समिति लि. के मुख्य व्यवस्थापक बजरंग बली मनोहर, सदस्य मंडी सचिव डॉ. यशपाल लटियाल, राजफेड अजमेर के क्षेत्रीय अधिकारी गौरव सेन और भाजपा इंदावड़ मंडल अध्यक्ष रामअवतार लेगा, भारतीय किसान यूनियन (मानवता) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील रियाड़ सोगावास, रामस्वरूप सहित किसानों व पुलिस-प्रशासन के समन्वय से इस मूंग का ऑक्शन होगा। उल्लेखनीय है कि यह मामला पिछले दिनों जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ था। किसानों और किसान संगठनों ने इसे लेकर लगातार आंदोलन किया था तथा निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। तब "राजस्थान पत्रिका' ने इस मुद्दे को लेकर प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए थे।

नीलामी राशि से वंचित 82 किसानों को किया जाएगा भुगतान

कमेटी अध्यक्ष मनोहर ने बताया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार के विवाद की स्थिति पैदा नहीं हो। इच्छुक व्यापारी इस नीलामी बोली में भाग ले सकते हैं। निस्तारण के पश्चात प्राप्त मूंग की राशि का उपयोग मूंग क्रय के पश्चात भुगतान से वंचित 82 किसानों को भुगतान करने में किया जाएगा।

यह था पूरा मामला

11 फरवरी की रात मेड़ता स्थित एमएसपी के बंद तिलम संघ केंद्र पर हरियाणा पासिंग ट्रक से करीब 35 टन मूंग पहुंचाया गया था, जिसे रातों-रात अनलोड कर दिया गया। मामला सामने आने के बाद किसान संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया और लगातार आठ दिन तक धरने पर बैठे रहे। किसानों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी।

एफआईआर, ब्लैकलिस्ट किए जाने के बाद खत्म हुआ था धरना

इसके बाद मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई। जांच में तिलम संघ के स्टॉक में 6600 कट्टे मूंग कम पाए गए थे। किसानों की मांग पर संबंधित ठेकेदार और इस प्रकरण में शामिल जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई भी की गई थी। बाद में पंचनामा करवाकर मूंग को मंडी स्थित क्रय-विक्रय सहकारी समिति लिमिटेड के गोदाम में रखवाया गया था। तब जाकर किसानों का धरना समाप्त हुआ था। अब आज दोपहर 3 बजे अनाधिकृत रूप से केंद्र पर पहुंचाए गए मूंग स्टॉक की सार्वजनिक नीलामी बोली लगाई जाएगी।