
Prime Minister Narendra Modi
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नागौर जिला मुख्यालय पर चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए एक ओर जहां केन्द्र सरकार की योजनाओं को गिनाया, वहीं राज्य की कांग्रेस सरकार पर तीखे प्रहार करते हुए इस चुनाव में उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने नागौर में राहुल गांधी या सोनिया गांधी को निशाना बनाने की बजाए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उनके पुत्र के साथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को घेरा। चुनावी सभा से पहले पीएम मोदी हेलीकॉप्टर से सीधे लोक देवता वीर तेजाजी की जन्मस्थली खरनाल पहुंचे तथा तेजाजी के मंदिर में पूजा करने के बाद नागौर आए।
प्रधानमंत्री मोदी ने सभा में उमड़ी भीड़ को देखकर कहा कि आपमें मैं 'नागाणो नित रो भलो...' वाला ही मिजाज देख रहा हूं। उन्होंने कहा कि गत दिनों दीपावली पर जिस प्रकार माताओं-बहनों ने घर के कोने-कोने की सफाई की है, उसी प्रकार आगामी 25 नवम्बर को कांग्रेस की सफाई करनी है। कोने में भी कांग्रेस बच ना जाए। राजस्थान से कांग्रेस की विदाई का काउंटडाउन शुरू हो गया है।
मोदी ने मुख्यमंत्री गहलोत व सचिन पायलट का नाम लिए बिना एक व्यक्ति के बार-बार सिगरेट छोड़ने का उदाहरण देते हुए कहा कि इन्होंने बार-बार हाथ मिलाकर सेंचुरी तो बनाई, लेकिन मिले अब तक नहीं हैं। अब जब चुनाव आए हैं तो जनता को दिखाने के लिए बेमन से फोटो खिंंचवा रहे हैं।
लोक देवताओं को किया याद
पीएम मोदी ने भाषण शुरू करने से पहले भारत माता, वीर तेजाजी, मीरा बाई, जांभोजी, गोगाजी, दधिमती माता के जयकारे लगवाए। 44 मिनट के भाषण में भाइयों-बहनों की बजाए इस बार 'मेरे परिवारजनों' वाक्य को बार-बार दोहराया। मोदी ने कहा कि हमने नागौर में तेजाजी पैनोरमा व जाम्भोजी पैनोरमा बनाया है।
कांग्रेस पर लगाया तुष्टीकरण का आरोप
मोदी ने कांग्रेस सरकार पर तुष्टीकरण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यहां दलित युवकों को कुचल-कुचल कर मार दिया। साधु-संत भी सुरक्षित नहीं है। इन लोगों ने राजस्थान की जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया। कांग्रेस ने पांच साल में आपको विश्वासघात के अलावा कुछ नहीं दिया है। यह भ्रष्ट और घोटालों की सरकार है। मोदी ने जनता से सवाल करते हुए कहा कि यदि आपके पास सबकुछ है और सुरक्षा नहीं है तो सब कुछ होने का क्या फायदा। आपको सबसे पहले सुरक्षा की गारंटी चाहिए और वो मोदी देगा। मोदी ने लाल डायरी का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के कारनामों को उनके ही नेता ने डायरी में लिखा है।
Published on:
18 Nov 2023 06:58 pm
