
भडाणा में खाद्य तेल फैक्टरी पर छापा
मूण्डवा. नागौर जिले के भडाणा गांव में नकली खाद्य तेल बनाए जाने की सूचना पर मूण्डवा पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक फैक्टरी पर छापा मारकर 12 हजार लीटर से अधिक संदिग्ध खाद्य तेल पकड़ा। कार्रवाई देर शाम तक चलने के कारण पूरे परिसर के कमरों को सील कर दिया गया। अब गुरुवार को खाद्य तेल के नमूने लेकर जांच की जाएगी जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
संयुक्त टीम ने रामझुंपड़ा आश्रम के सामने ऊंची चारदीवारी से घिरे परिसर में दबिश दी। यहां बड़ी मात्रा में विभिन्न ब्रांड के लेबल लगे तेल के टिन और प्लास्टिक ड्रम मिले। मौके से रिफाइंड पाम ऑयल के दो अलग-अलग ब्रांड के 23 टिन, एक अन्य ब्रांड के रिफाइंड तेल के लेबल लगे 137 टिन, रिफाइंड कॉटन सीड ऑयल के 180 टिन तथा 40 प्लास्टिक ड्रम तेल से भरे हुए मिले। बरामद तेल की कुल मात्रा 12 हजार लीटर से अधिक बताई जा रही है।
कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप अग्रवाल, सहायक कर्मचारी संतोष जोशी, मूण्डवा थानाधिकारी सुरेश चौधरी, एएसआई बेणीराम, हेड कांस्टेबल रामकिशोर, मुनीराम सहित पुलिस जाप्ता मौजूद रहा। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इनका कहना है
मुखबिर से सूचना मिली कि भडाणा गांव में नकली मिलावटी खाद्य तेल बनाकर लोगों के स्वास्थ्य को बड़े पैमाने पर हानि पहुंचाई जा रही है। सूचना के बाद हमने खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ दबिश देकर संयुक्त कार्रवाई की। 12 हजार 700 लीटर तेल मिला है। मिल मालिक रामेश्वरलाल व उनका लड़का मिले, जिनसे मौके पर मिले अलग अलग लेबल तथा लाइसेंस के बारे में जानकारी मांगी। उन्होंने समय मांगा है, इसलिए यहां मिली सभी सामग्री को अस्थायी रूप से सील किया है।
- सुरेश कुमार चौधरी, थानाधिकारी मूण्डवा
बुधवार को मूण्डवा थानाधिकारी ने सूचना दी कि खाद्य पदार्थ तेल की मिलावटी फैक्टरी का संचालन किया जा रहा है। हम यहां थानाधिकारी के साथ पहुंचे। आज माल को सीज किया गया है। गुरुवार को सैंपल लिए जाएंगे।
- संदीप अग्रवाल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, नागौर
राशन सामग्री का गबन का आरोपी बालवा राशन डीलर गिरफ्तार
नागौर. सदर थाना पुलिस ने राशन सामग्री का गबन करने के आरोपी बालवा के राशन डीलर को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि बालवा के उचित मूल्य दुकानदार धनाराम के खिलाफ गत 22 जून को जिला रसद अधिकारी अंकित पचार ने राशन सामग्री के गबन का मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच के बाद बुधवार को आरोपी को गिरफ्तार किया ।
अवैध बजरी परिवहन करते डंपर जब्त
जायल. थाना पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन करते एक डंपर को जब्त किया है।सीआई मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान हैड कांस्टेबल सहीपाल ने जायल में एक बिना नम्बरी डंपर को आता देख रूकवाकर जांच की। डंपर में बजरी भरी मिली। चालक से वाहन के कागजात के बारे में पूछने पर किसी प्रकार का कागजात नहीं होना बताया। बजरी को डंपर में भरकर परिवहन करने के संबंध में वैध कागजात व ई रवाना के बारे में पूछा तो चालक ने उसके पास बजरी परिवहन संबधी कोई कागजात व ई रवाना नहीं होना बताया। पुलिस ने डंपर को एमवी एक्ट में जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए खनिज विभाग व परिवहन विभाग को अवगत कराया ।
Updated on:
09 Jul 2026 10:56 am
Published on:
09 Jul 2026 10:51 am
