
Rajasthan Road Accident : जयपुर। राजस्थान में दो अलग-अलग हादसों में सोमवार शाम 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। पहला हादसा करौली जिले में शाम करीब 5 बजे उस वक्त हुआ जब बोलेरो में सवार लोग कैलादेवी के दर्शन कर लौट रहे थे। वहीं, दूसरा हादसा नागौर जिले में शाम करीब 6 बजे हुआ। जहां रोडवेज बस की चपेट में आने से बाइक पर सवार एक परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। हादसों के बाद मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
राजस्थान के नागौर शहर की मानासर पुलिया पर सोमवार शाम को रोडवेज बस ने बाइक को चपेट में ले लिया। इस हादसे में एक परिवार के चार जनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा शाम छह बजे एसडीएम कार्यालय के समीप मानासर पुलिया पर हुआ। पांचौड़ी थाना इलाके के देऊ निवासी शफी खां (40), साली मुन्नी (35), पुत्र वधू गुड्डी (18) और पुत्र चीनू (5) को लेकर बाइक से सर्विस रोड से पुलिया की तरफ चढ़ रहा था। इस दौरान जोधपुर से कुचामन जा रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक को टक्कर मार दी। बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली। हादसे में चारों की मौत हो गई। शव जेएलएन अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाए गए हैं। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम होगा।
इधर, करौली जिले में कैलादेवी से दर्शन कर मंडरायल के खिरकन गांव लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी कार की ससेड़ी मोड़ के पास ट्रक से सोमवार शाम करीब 5 बजे भिड़ंत हो गई। जिससे कार सवार 8 जनों की मौके पर ही मौत हो गई और 5 घायलों को सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान एक घायल ने दम तोड़ दिया। चार घायलों का उपचार चल रहा है। मृतकों में 5 महिलाएं व 1 बच्चा शामिल है। श्रद्धालुओं से भरी कार खिरकन गांव लौट रही थी। भिड़ंत के बाद ग्रामीणों की सहायता से घायलों को सामान्य चिकित्सालय पहुंचाया। जहां 2 घायलों की सीटी स्कैन कर एक महिला हेमा को जयपुर रेफर किया गया जबकि करीब ढाई साल की बालिका, किशोरी व एक युवक का उपचार चल रहा है।
Updated on:
02 Jul 2024 08:39 am
Published on:
02 Jul 2024 08:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
