
oplus_2
नागौर जिले के अड़वड़ गांव में एक खानदान में पहली सरकारी नौकरी करने वाली बहू मिली तो परिवार नई नवेली चिकित्सक दुल्हन को हेलीकॉप्टर से लेकर आए। परिवार ने उत्साह के साथ बधावणा किया। इस दौरान नवदम्पत्ति के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा।
जानकारी के अनुसार अड़वड़ निवासी चिकित्सक डॉ. हरीश जांगिड़ की शादी भवादिया की ढाणी डीडवाना निवासी डॉ. ममता जांगिड़ के साथ शुक्रवार को परम्परागत रीति रिवाज से हुई। जांगिड़ परिवार में सरकारी नौकरी वाली व पहली चिकित्सक बहू आने पर उसके स्वागत को ऐतिहासिक बनाने के लिए परिवार ने हेलीकॉप्टर बुक करवाया। नई दुल्हन की विदाई के बाद नव दम्पती को भवादिया की ढाणी डीडवाना से अड़वड़ तक हेलीकॉप्टर में लाया गया।
गांव में पहुंचे हेलीकॉप्टर को देखने के लिए अड़वड़ सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्र से काफी संख्या में लोग हेलीपेड पर एकत्रित हो गए। नवदम्पती का मारवाड़ी परम्परा से महिलाओं ने आरती कर बधावणा किया। हेलीकॉप्टर उतारने के लिए गांव के राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के पीछे हेलीपेड बनाया गया था।
दूल्हे डॉ. हरीश के चाचा भींवराज जांगिड़ ने बताया कि डॉ. ममता परिवार में सरकारी नौकरी वाली पहली तथा गांव में पहली चिकित्सक बहू है। इसका उदाहरण देख गांव के अन्य बच्चों में भी पढ़ाई के प्रति रूचि जगाने के उद्देश्य से हेलीकॉप्टर से बहू को विदा करवाकर लाया गया। नवदम्पती ने बताया कि समाज में बेटी और बहू का अन्तर कम करने, महिला सशक्तीकरण के साथ बेटियों को प्रशासनिक सेवा में जाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से यह निर्णय किया।
Updated on:
23 Nov 2024, 7:06 PM IST
Published on:
23 Nov 2024, 7:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.