8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एसडीएम की पहल, मेड़ता में इस बार ड्रेस कोड में मनाएंगे स्वतंत्रता दिवस

समारोह में अतिथि व अधिकारी पहनेंगे सफेद रंग की ड्रेस, सिर पर साफा भी होगा

2 min read
Google source verification
Merta City News

मेड़ता सिटी. स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में चर्चा करते अधिकारी।

- सफेद शांति का प्रतीक, इसलिए चुना ड्रेस कोड का कलर
मेड़ता सिटी. जिला प्रशासन व पत्रिका की पहल पर जिले की सरकारी स्कूलों में तो ड्रेस कोड लागू हो ही रहा है, पर इस साल मेड़ता शहर में एसडीएम ही पहल पर स्वतंत्रता दिवस समारोह भी ड्रेस कोड में मनाया जाएगा। समारोह में आने वाले सभी अतिथि सफेद ड्रेस पहनेंगे और सिर पर साफा लगाएंगे। दरअसल गुरुवार को 15 अगस्त समारोह की तैयारियों को लेकर हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर सुबह सवा 11 बजे शहर के नगरपालिका सभाकक्ष में उपखंड अधिकारी की अध्यक्षता में सभी विभागीय अधिकारी और सरकारी व निजी स्कूल के संस्था प्रधानों की बैठक हुई, जिसमें तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। एसडीएम मीणा ने कहा कि सफेद रंग शांति का प्रतीक है। 15 अगस्त के दिन देश आजाद हुआ था। भारत हमेशा से ही शांति का पक्षधर रहा है, तो क्यों न हम इस बार स्वतंत्रता दिवस एक नवाचार के साथ मनाए। उन्होंने ड्रेस कोड में स्वतंत्रता दिवस मनाने की बात कही, तो सभी ने इस अनूठी पहल की सराहना की और सहमति जताई, फिर यह तय हुआ कि स्वतंत्रता दिवस पर समारोह में मंचस्थ अतिथियों सहित आने वाले हर मेहमान सफेद ड्रेस में आए। उन्होंने कहा कि ड्रेस में सफेद पेंट-शर्ट, कुर्ता-पायजामा व धोती-कुर्ता कुछ भी पहन सकते हैं, मगर उसका रंग सफेद होना चाहिए। साथ ही आने वाले सभी अतिथियों के सिर पर साफा भी ड्रेस कोड में शामिल किया गया। वहीं महिला अधिकारियों व अतिथियों के लिए ड्रेस कोड के रूप में साड़ी को चुना गया है। साड़ी मल्टीकलर हो सकती है। बैठक में विशनाराम देवड़ा, पालिका उपाध्यक्ष रामसुख मुंशी, ईओ श्रवणराम चौधरी, सीआई यशवंत यादव, पार्षद दशरथ सारस्वत ने भी विचार रखे। इस दौरान प्रधानाचार्य मनोहरलाल गहलोत, तारा मिश्रा, प्रेमाराम गुरु, नेमीचंद पोटर, इंद्रराज बांता, व्याख्याता बलदेवराम, बीईईओ शिवजीराम चौधरी, पंचायत प्रसार अधिकारी गोविंद सिंह राठौड़, बुद्धराज सिखवाल, नारायणप्रसाद गौड़, डीडी चारण, पीटीआई छोटी गहलोत, डॉ. अनिल पुरोहित, सुशील ओझा, गजेंद्र देवल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय कार्य करने वालों का होगा सम्मान
बैठक के दौरान यह निर्णय किया गया कि समारोह में केवल देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों पर ही सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होगी। फिल्मी धुन के गानों पर मुख्य समारोह में प्रस्तुतियां नहीं होगी। सांस्कृतिक तैयारियों का अंतिम पूर्वाभ्यास राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में 11 अगस्त को होगा। वहीं समारोह के दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किए जाने के लिए हर विभाग से एक-एक नाम 10 अगस्त तक तहसीलदार मेड़ता के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। समारोह में शहीदों के परिजनों व वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।

विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां भी लगेगी
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह श्यामाप्रसाद मुखर्जी सभाकक्ष, पब्लिक पार्क में होगा। सुबह साढ़े 8 बजे मुख्य अतिथि एसडीएम ध्वजारोहण करेंगे। नगरपालिका के तत्वावधान में समारोह स्थल पर सफाई, पानी-बिजली, टेंट इत्यादि व्यवस्थाएं करवाई जाएगी। इस दौरान अनुशासन कमेटी, सांस्कृतिक कार्यक्रम चयन समिति, प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार चयन समिति, मुख्य समारोह स्थल पर पुरस्कार चयन समिति का भी गठन किया गया। स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न विभागों के तत्वावधान में प्रदर्शनियां भी लगाई जाएगी।