
रियांबड़ी. वह मंदिर जहां वारदात को अंजाम दिया।
नागौर/रियांबड़ी. पादूकला थाना इलाके में रविवार रात को मामूली कहासुनी के बाद एक जने ने लाठी से पुजारी पर हमला कर दिया। घायल पुजारी को रियांबड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल झगड़े की मूल वजह सामने नहीं आई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया है। बताया जाता है किसी बात को लेकर इनमें खटपट चल रही थी। दोनों का कोई खासा मेलजोल भी नहीं था।
एसपी नारायण टोगस ने बताया कि वारदात जाटावास के राघुरधाम परिसर में हुई। सेंसड़ा निवासी मंदिर के पुजारी छोटू पुरी (53) रात करीब नौ बजे परिसर में बैठा था। इसी बीच रामप्रसाद साद (52) वहां आया और गाली गलौच करते हुए उसने पुजारी पर लाठी से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुन एक पड़ोसी उसे बचाने आया तो रामप्रसाद उसके पीछे भागा। बाद में आसपास के लोग एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पादूकला थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
डेगाना सीओ रामेश्वरलाल व थाना प्रभारी मानवेंद्र भी मौके पर पहुंचे। घायल छोटू पुरी को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छोटू पुरी करीब आठ साल से मंदिर की सेवा -पूजा संभाल रहा था। मृतक के भाई अमर पुरी ने आरोपी के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कराई।
कई वार किए, पड़ोसी आए बचाने
अमर पुरी ने रिपोर्ट में बताया कि आरोपी रामप्रसाद उर्फ गुलाबदास पुत्र मिसादास ने मन्दिर में घुसकर छोटू पुरी पर जान से मारने की नीयत से लाठी से कई वार किए। शोर सुनकर पड़ोसी रामनिवास जाट, बाबूदास, देवाराम गुर्जर व सुखा पुरी वहां पहुंचे तो आरोपी भाग गया। वारदात के बाद आरोपी अपने घर जाकर सो गया। इधर, पुजारी की मौत के बाद पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची तो वह सोता मिला, उसे पकड़कर थाने लाया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद पुजारी का उसके पैतृक गांव सेंसड़ा के नागेदर बाबा के स्थान पर अंतिम संस्कार किया गया।
मानसिक रोग से ग्रसित
एसपी टोगस ने बताया आरोपी से पूछताछ जारी है। उसके नशे में होने की बात भी सामने नहीं आई है। प्रारम्भिक तौर पर राम प्रसाद के मानसिक रोगी होने की बात कही जा रही है। पूछताछ के बाद ही खुलासा हो पाएगा। पुजारी का भरा पूरा परिवार है।
संभवतया टोकने पर कर दिया हमला
डेगाना सीओ रामेश्वर का कहना है कि अभी आरोपी मानसिक विमंदित की तरह हरकतें कर रहा है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि लाठी लेकर आरोपी मंदिर के पास टहल रहा था, पुजारी के टोकने पर उसने यह कृत्य किया। पूछताछ में स्पष्ट होने पर ही कुछ कहा जा सकता है। रुपए-पैसे, महिला अथवा जमीन जैसा कोई विवाद नहीं है।
Updated on:
05 Feb 2024 11:39 pm
Published on:
05 Feb 2024 11:39 pm
