11 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Indian Railways: बाड़मेर और जालोर सहित राजस्थान के 14 रेलवे स्टेशनों को लेकर आई गुड न्यूज

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर रेल मंडल के 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को विशेष स्तर पर विकसित किया जा रहा है, जिनका 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।

2 min read
Google source verification
Train news

फाइल फोटो- पत्रिका

गोटन/ मेड़तारोड। प्रधानमंत्री के विकसित भारत विजन के अनुरूप अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जोधपुर रेल मंडल में व्यापक स्तर पर संयुक्त विकास कार्य किए जा रहे हैं। योजना के अंतर्गत मंडल के 14 प्रमुख रेलवे स्टेशनों को विशेष स्तर पर विकसित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अत्याधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सकेगा।

ये हैं 14 रेलवे स्टेशन

योजना के तहत देशनोक रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास पूर्ण कर इसे लोकार्पित किया जा चुका है। वहीं डेगाना, रेन, गोटन, सुजानगढ़, रामदेवरा, फलोदी, बालोतरा, बाड़मेर, डीडवाना, मेड़ता रोड, नागौर, मारवाड़ भीनमाल और जालोर स्टेशनों पर कार्य तीव्र गति से जारी है। इन परियोजनाओं में लगभग 90 प्रतिशत प्रगति हो चुकी है तथा सभी स्टेशनों को अगस्त माह तक आमजन को समर्पित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

प्रत्येक स्टेशन पर लगभग 15 से 20 करोड़ रुपए की लागत से उच्च गुणवत्ता की यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। इन स्टेशनों पर आधुनिक एवं वातानुकूलित प्रतीक्षालय, स्वच्छ व उन्नत शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले व सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी आधारित सुरक्षा तंत्र, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं तथा सुगम प्रवेश-निकास और पार्किंग व्यवस्था जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यहां चल रहे मेगा विकास कार्य

स्टेशनों के संयुक्त विकास के अंतर्गत मंडल के तीन बड़े स्टेशनों का भी मेगा स्तर पर पुनर्विकास किया जा रहा है। जोधपुर रेलवे स्टेशन को लगभग 474 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक स्वरूप में विकसित किया जा रहा है।

जैसलमेर रेलवे स्टेशन पर लगभग 140 करोड़ रुपए की लागत से कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पाली रेलवे स्टेशन पर लगभग 97 करोड़ रुपए की लागत से कार्य प्रगति पर है।

इन परियोजनाओं में स्टेशन भवनों को आधुनिक डिजाइन, स्थानीय वास्तुकला और सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, ताकि स्टेशन केवल यातायात केंद्र ही नहीं बल्कि शहर की पहचान का प्रतीक भी बन सकें।

क्षेत्रीय विकास को मिलेगा नया आयाम

इन परियोजनाओं से क्षेत्रीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, शहरी अवसंरचना को मजबूती मिलेगी तथा यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होंगी।

--------------------------------

जोधपुर मंडल के रेलवे स्टेशन अब आधुनिकता, सुविधा और समग्र विकास के नए केंद्र के रूप में उभरते हुए क्षेत्र की प्रगति को नई दिशा दे रहे हैं।

  • अनुराग त्रिपाठी, मंडल रेल प्रबंधक, जोधपुर