
फोटो पत्रिका
नागौर। नावांशहर उपखंड क्षेत्र के निकटवर्ती गांव राजास में दर्दनाक हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। जयपुर से अपने गांव लौट रहे मुकेश सिंह (25) और दीपक कुमार (27) को एक ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रेलर ने कुचल दिया। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर अपने गांव पिण्डिया (थाना बड़ी खाटू) लौट रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर बेकाबू था और उसमें जरूरत से ज्यादा माल लदा हुआ था। टक्कर के बाद ट्रेलर भी सड़क पर पलट गया और उसमें लदे पाउडर के कट्टे सड़कों पर बिखर गए। हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस और एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंचे हेड कांस्टेबल नरेश कुमार व कमलेश कुमार ने पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है, चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक मुकेश अपने परिवार का इकलौता बेटा था, और उसके सिर से दादा का साया अभी-अभी उठा था। वहीं दीपक पहले से ही पिता को खो चुका था और परिवार का सबसे बड़ा सहारा था। एक हादसे ने दोनों परिवारों की रीढ़ तोड़ दी। गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है, हर आंख नम है। ओवरलोड ट्रकों और लापरवाह ड्राइविंग के चलते एक बार फिर दो युवा जानें असमय चली गईं। सवाल ये है कि कब तक ऐसी बेकाबू रफ्तारें मासूम जिंदगियां लीलती रहेंगी?
परिजनों के अनुसार मुकेश सिंह को उसके दादा बंशीसिंह की मृत्यु का समाचार शनिवार रात 9 बजे मिला। वह जयपुर में एक निजी होटल में काम करता था। खबर मिलते ही उसने अपने सबसे करीबी दोस्त दीपक कुमार के साथ रात करीब 11 बजे बाइक लेकर गांव के लिए रवाना हुआ। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। रास्ते में तेज रफ्तार ट्रेलर उनकी जिंदगी को निगल गया।
Updated on:
16 Jun 2025, 2:13 PM IST
Published on:
16 Jun 2025, 2:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.