
Sarpanches encircle officials in Nagaur
नागौर. जिला सरपंच संघ ने सोमवार को मनरेगा के भुगतान एवं विभिन्न मांगों को लेकर सोमवार को जिला मुख्यालय सहित उपखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर सरकार के नाम ज्ञापन सौंपे। जिला मुख्यालय पर सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुनराम काला के नेतृत्व में जिलेभर के पदाधिकारी कलक्ट्रेट में एकत्र हुए तथा अधिकारियों के रवैये को लेकर रोष जताया।
जिलाध्यक्ष काला के नेतृत्व में करीब दो दर्जन से अधिक सरपंचों व जनप्रतिनिधियों ने सरकार के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर अशोक कुमार को सौंपा। ज्ञापन में राजस्थान सरपंच संघ की लम्बित मांगों का समाधान करवाने सहित लम्बे से अटके मनरेगा कार्यों का भुगतान करने की मांग की गई। सरपंच संघ ने ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्यों के भुगतान का एफटीओ जारी करने, कार्य पूर्ण होने पर बिल देने के बाद उसका समायोजन उसी वर्ष में करने व 60:40 के अनुपात में किए गए कार्य का भुगतान उसी वित्तीय वर्ष में करने की मांग रखी।
अलग से दिया जाए बजट
सरपंच संघ ने ग्राम पंचायत सहायकों के मानदेय का भुगतान ग्राम पंचायतों के माध्यम से करवाने के बजाय अलग से बजट उपलब्ध करवाने, पंचायत सहायक के मानदेय का भुगतान पंचायतों द्वारा नहीं करवाने, विकास कार्यों के लिए अलग से बजट की व्यवस्था कराने, झाड़ी काटने व अतिक्रमण हटाने में मशीनरी का उपयोग करने व लघु एवं सीमांत किसानों के टांके व केटल शेड के प्रस्ताव बीडीओ के माध्यम से सीईओ के पास भेजने के आदेश जारी करने की मांग की है।
जिला प्रमुख के हस्तक्षेप से बनी बात
एडीएम को ज्ञापन देने के बाद सरपंच संघ के पदाधिकारी जिला परिषद सीईओ केसरलाल मीणा के पास पहुंचे तथा मनरेगा के तहत किए गए विकास कार्यों का भुगतान करने की मांग की। सीईओ व एसीईओ दिनेशचंद भार्गव के साथ सरपंचों की लम्बे समय तक वार्ता चली, लेकिन शाम 5 बजे तक सहमति नहीं बनी। इस पर सरपंच सरकारी योजनाओं का बहिष्कार करने तथा मस्टररोल पंचायत समितियों में जमा कराने की चेतावनी देकर बाहर निकल गए। इसके बाद अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। फिर जिला प्रमुख सुनीता चौधरी ने सरपंचों को वार्ता के लिए वापस बुलाया तथा अधिकारियों को बैठाकर सरपंचों की मांगें मानने के लिए कहा। इसके बाद सीईओ मीणा भुगतान के लिए राजी हो गए।
ये सरपंच रहे उपस्थित
इस अवसर पर सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष अर्जुनराम काला, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर पूनिया, मूण्डवा ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष इन्द्रचंद फिड़ौदा,जायल ब्लॉक सरपंच संघ अध्यक्ष राजकुमार भाकर, मुदियाड़ सरपंच दिनेश फरड़ौदा, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश इनाणिया, कड़लू सरपंच राजूदेवी, संखवास सरपंच अर्जुनराम इनाणियां, पालड़ी सरपंच जगदीश, देऊ सरपंच जीवण सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।
Updated on:
21 Nov 2017 12:32 pm
Published on:
21 Nov 2017 12:30 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
