
रियांश्यामदास . कस्बे में बुधवार को चुनावी चौपाल में लोकसभा चुनाव को लेकर चर्चा करते ग्रामीण व व्यापारी ।
नागौर जिले के रियांश्यामदास सहित ग्रामीण क्षेत्रों में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर चुनावी माहौल जमने लगा है। नागौर लोकसभा क्षेत्र के रियांश्यामदास कस्बे के मुख्य बाजार में बुधवार को चुनावी चौपाल में ग्रामीणों के साथ जनप्रतिनिधि व व्यापारी चुनावी चर्चा में मशगूल थे।
अधिकांश ग्रामीणों का कहना था कि जिन वादों को लेकर सरकार बनती है, वो पूरे होने चाहिए। गांवों में बिजली, चिकित्सा व पानी की भारी समस्या रहती है । ढाणियों में निवासरत लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया करवानी चाहिए ।
जनप्रतिनिधि हरदयाल सिंह ने कहा कि विकास के नाम पर पत्रिका के जागो जनमत अभियान के तहत शत् प्रतिशत मतदान करेंगे और करवाएंगे। गोरधन पारीक ने कहा कि किसानों व आमजन की आवाज़ को संसद में उठाने वाले व्यक्ति को मत देकर मताधिकार का सदुपयोग किया जाए।
बाबुद्दीन ज़ोया ने कहा कि बिना भेदभाव व जाति से ऊपर उठकर मतदान करेंगे। भूपतसिह का कहना था कि पानी की समस्या मिट जाए तो ग्रामीणों को काफी राहत मिले । हर साल गर्मी में पानी की समस्या विकट हो जाती है। भंवरदान चारण ने कहा कि गांव में चिकित्सालय हैं, लेकिन चिकित्सकों की कमी और विशेषकर महिला चिकित्सक नहीं होने से महिलाओं को काफी परेशानी झेलनी पडती है। करीब सात हजार से ज्यादा लोग एक एएनएम के भरोसे हैं।
ट्रेनों का हो ठहराव
सुरजाराम गुर्जर ने कहा कि जोगीमगरा रेलवे स्टेशन पर कोरोना काल के दौरान बंद हुई जोधपुर अबोहर पैसेंजर व भोपाल जोधपुर एक्सप्रेस का फिर से ठहराव होना चाहिए।
स्टेशन के उत्तर दिशा की तरफ निवासरत क़रीब 60 घरों की आबादी के सैकड़ों लोगों को निकलने के लिए रास्ता नहीं होने से स्कूली बच्चों व महिलाओं को पटरियां पार करके गुजरना पड़ता है। इस दौरान मतदाताओं ने शत् प्रतिशत मतदान करने व करवाने की शपथ ली। चुनावी चौपाल में शिम्भुदान चारण , सुरजाराम गुर्जर, बंसीदास , देवदास सहित काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
Published on:
03 Apr 2024 11:36 pm
बड़ी खबरें
View Allनागौर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
