उज्जैन. जिले के महिदपुर से पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सोमवार को विधानसभा चुनाव 2023 का शंखनाद किया। वह बोले, धर्म के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा सरकार ने महाकाल लोक में भ्रष्टाचार कर इसका प्रमाण दे दिया। सरकार ने 12 महीने में 3 लाख करोड़ रुपए का कर्जा लिया है। इसका ब्याज चुकाने को कर्जा लेना पड़ेगा। मैं पूछना चाहता हूं, इस कर्जे का किया क्या? संविदा, आशा-उषा कार्यकर्ता के लिए खर्च किया, कर्मचारियों के लिए किया, ऑउटसोर्स के लिए किया? इन्होंने भ्रष्टाचार के लिए बड़े-बड़े ठेके दे दिए ताकि कमीशन बन जाए। शिवराज सरकार ने मध्यप्रदेश को चौपट प्रदेश बना दिया है। यह चौपट सरकार है। हमने जो कहा, सच्चाई के साथ किया, लेकिन शिवराज केवल घोषणाएं करते हैं, काम नहीं। 18 साल में उन्होंने 22 हजार घोषणाएं कर दी, लेकिन घोषणाओं पर अमल करने का काम नहीं किया। अब 18 साल बाद उन्हें बहनें याद आ गईं। मैं गर्व से कहता हूं कि मैं हिंदू हूं, लेकिन ***** नहीं। मेरे प्रदेश की जनता भी ***** नहीं है। जनता समझ चुकी है और ठान चुकी है कि धर्म के नाम पर भ्रष्टाचार करने वाली सरकार को रवाना करना है।
सोमवार सुबह 10.30 बजे महिदपुर पहुंचे कमलनाथ ने सबसे पहले मंडलम व सेक्टर प्रभारियों से चर्चा की। इसके बाद मीडिया से रूबरू हुए। जनसभा में 17.42 मिनट के उद्बोधन में उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमले किए। सभा संबोधन की शुरूआत में नाथ ने चारों विधायकों के साथ कुछ नाम लिए और कहा कि सब के नाम नहीं ले सकते, क्योंकि बारिश आने वाली है। नाथ ने कहा कि चौपट सरकार के कारण यह मध्यप्रदेश नहीं चौपट प्रदेश हो गया है। उन्होंने जनसभा की जिम्मेदारी जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल को सौंपी थी, जिन्होंने बड़ी सभा के रूप में नाथ की प्रशंसा हासिल की। नाथ के साथ उज्जैन की प्रभारी शोभा ओझा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल, विधायक महेश परमार, दिलीप गुर्जर, रामलाल मालवीय, मुरली मोरवाल ने भी सभा को संबोधित किया। आलोट विधायक मनोज चावला मंच पर उपस्थित रहे।
उज्जैन जिले की हारी विस से शंखनाद
2018 के चुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने हारी हुई विधानसभा (विस) तराना से चुनावी शंखनाद किया था। इसके बाद न केवल तराना में कांग्रेस प्रत्याशी महेश परमार जीते बल्कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। इस बार फिर नाथ ने उज्जैन जिले की हारी विस महिदपुर से शंखनाद किया है। उन्हें भरोसा है कि महिदुपर विधानसभा जीतने के साथ प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी।
हेलिकाप्टर की पंखुडिय़ों से टकराकर झंडे फटे
महिदपुर पर बनाए हेलीपेड पर पुलिस सुरक्षा कमजोर रही। यहां रस्सी का घेरा नहीं बनाने से जनता हेलिकाप्टर तक जा पहुंची। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ में लहरा रहे पार्टी के झंडे हेलिकाप्टर की पंखुडिय़ों से टकराकर फट गए। नाथ इस घटना को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों से नाराज हो गए।
चुनाव हारने के बाद कोई नहीं पूछता
मंडलम सेक्टर की बैठक में एक सेक्टर अध्यक्ष ने नाथ से कहा कि हम युवा जी जान से पार्टी के प्रति पूरी निष्ठा से काम करते हैं। सामने वाली पार्टी के कार्यकर्ताओं से बेर ले लेते हैं, लेकिन जब चुनाव हार जाते हैं तो हमें अपनी पार्टी के वरिष्ठ पूछते तक नहीं है। इस पर नाथ ने कहा कि चिंता मत करो, अब अपनी सरकार बन रही है। बैठक के दौरान एक अध्यक्ष ने अपना परिचय देते हुए कहा कि मेरा नाम मोहन लाल, यहां मुझे सब मोहन नेता के नाम से जानते हैं। मैं कल्पना दीदी का प_ा हूं। इस पर हंसी के फव्वारे छूट गए।
पटेल ने गदा भेंट की
नाथ ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल पटेल की प्रशंसा की। पटेल ने नाथ को हनुमान जी का प्रिय अस्त्र गदा भेंट किया। पटेल ने कहा कि हमारे नेता कमलनाथ बेदाग छवि के हैं। एशिया के सबसे ईमानदार सांसद के पुरस्कार से पुरस्कृत हो चुके हैं। आप के नेतृत्व को जनता याद कर रही है। इस बार कांग्रेस प्रदेश में इतनी सीट जीतने वाली है कि 5 साल तक हिला नहीं पाएगा।
सभा स्थल पर ये रहे मौजूद
दिनेश जैन बोस, रवि शुक्ला, प्रेमचंद गुड्डू, रणछोड़ त्रिवेदी, प्रतापसिंह गुर, माया त्रिवेदी, प्रदेश प्रवक्ता विवेक गुप्ता, सोनू शर्मा, भरतशंकर जोशी, विवेक यादव, राजेश तिवारी, अशोक भाटी, बटुकशंकर जोशी, नूरी खान, सुरेंद्र मरमट समेत कई कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।