
नर्मदापुरम. मध्यप्रदेश में स्थित तवा नदी पर जल्द ही 149 करोड़ की लागत से 1.350 किमी लंबा फोरलेन ब्रिज बनने जा रहा है, जिसे केबिनेट से मंजूरी मिल गई है, इस ब्रिज के निर्माण होने से वाहन चालकों को आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा, ये नया ब्रिज पुराने ब्रिज के पास ही बनाया जाएगा। इससे पहले ४२ साल पहले ब्रिज बनाया गया था।
नर्मदापुरम, मुहासा से माखननगर राजमार्ग 67 पर स्थित तवा नदी पर 148.97 करोड़ रुपए से नया फोरलेन ब्रिज बनाने का रास्ता साफ हो गया है। कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। अब ब्रिज कॉर्पोरेशन टेंडर की प्रक्रिया शुरू करेगा। इससे पहले भोपाल में हुई वित्त समिति की बैठक में नए फोरलेन ब्रिज को मंजूर किया जा चुका था। नया ब्रिज बनने से यातायात ओर बेहतर होगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक ब्रिज बनने में करीब ढाई से तीन साल लगेंगे।
तवा नदी पर बना वर्तमान पुल 42 साल पुराना है। पुल का निर्माण वर्ष 1980 में किया गया था। बैठक के बाद गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि नर्मदापुरम में तवा नदी पर प्रस्तावित फोरलेन ब्रिज की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
दोनों ब्रिज में यह अंतर
नया फोरलेन ब्रिज - पुराना ब्रिज
लंबाई : 1.350 किमी -1.700 किमी
चौड़ाई : 18 मीटर -8 मीटर
ऊंचाई : 10 मीटर -8 मीटर
पिलर : 58 -55
ऐसा बनेगा नया ब्रिज
तवा नदी पर पुराने पुल के बाजू में (तवा बांध साइड) नया ब्रिज बनेगा। ब्रिज की लंबाई 1.350 किमी और चौड़ाई 18 मीटर रहेगी। ब्रिज नर्मदापुरम से माखननगर जाने वाली दिशा में उद्यानिकी प्लाटेंशन के पास से बनाया जाएगा।
मेंटेनेंस के लिए आठ माह बंद रहा यातायात
तवा पर स्थित ब्रिज मरम्मत का काम 19 अक्टूबर 2021 से शुरू किया गया था। 126 दिन बाद 24 फरवरी 2022 से लोगों को इस ब्रिज से आवाजाही की इजाजत दी गई थी।
पुराने ब्रिज का एक करोड़ से कराया था मेंटेनेंस
तवा पुल की मरम्मत में करीब एक करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। पहले चरण में कराए गए मरम्मत में लापरवाही की वजह से दोबारा मरम्मत करानी पड़ी थी। तवा ब्रिज के 30 एक्सप्रेंशन ज्वाइंट और 491 बेयरिंग बदले गए। पहले मरम्मत के नाम पर ब्रिज के 56 ज्वाइंट रिपेयर कराए गए थे, जिनमें से 9 ज्वाइंट धंस गए थे। उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी 2022 से ब्रिज से आवाजाही शुरू होने के बाद जैसे ही भारी वाहन ब्रिज से निकलने लगे, उसके ज्वाइंट धंस गए थे।
टेंडर जारी किए जाएंगे
तवा नदी पर नया फोरलेन ब्रिज बनेगा। कैबिनेट में एप्रूवल मिला है। अधिकृत पत्र मिलने के बाद टेंडर जारी किए जाएंगे।
-एआर मोरे, एसडीओ, सेतु निर्माण विभाग, नर्मदापुरम
Published on:
25 Jan 2023 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allनर्मदापुरम
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
