31 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जहां हरियाली देखने आते हैं देश-विदेश से पर्यटक, वहीं पर हरे पेड़ों का कत्लेआम

पचमढ़ी में 150 से ज्यादा हरे पेड़ काटने के मामले में शुरू हुई जांच

2 min read
Google source verification
जहां हरियाली देखने आते हैं देश-विदेश से पर्यटक, वहीं पर हरे पेड़ों का कत्लेआम

जहां हरियाली देखने आते हैं देश-विदेश से पर्यटक, वहीं पर हरे पेड़ों का कत्लेआम

पिपरिया/पचमढ़ी में 150 से ज्यादा हरे पेड़ काटने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। बिना किसी अनुमति के अज्ञात लोगों द्वारा बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने की घटना से हड़कंप मचा हुआ है। विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण पचमढ़ी के अध्यक्ष कमल धूत ने पेड़ काटे जाने की शिकायत पुलिस में की है। प्रशासन की तरफ से नायाब तहसीलदार भी पचमढ़ी पहुंचकर तथ्य एकत्रित कर रहे हैं। साडा अध्यक्ष धूत ने बताया कि उन्हें स्टाफ के द्वारा बीटीआई के पीछे स्थित जंगल क्षेत्र में सौ से ज्यादा पेड़ काटने की जानकारी मिली है। साडा की एक टीम बना कर काटे गए पेड़ों के बारे में जानकारी बुलवाई है। उन्होंने बताया कि पेड़ों को काटने का उद्देश्य लकड़ी का उपयोग करना समझ में नहीं आता क्योंकि पेड़ों की लकड़ी उसी जगह पड़ी हुई बताई जा रही है। एक साथ इतने पेड़ों की कटाई किए जाने से पचमढ़ी के स्थानीय नागरिकों में भी रोष हैं। साडा अध्यक्ष ने बताया कि पचमढ़ी के होटलों में लकड़ी से चलने वाले बॉयलर बंद हो चुके हैं। जहां तंदूर चलते हैं उनके लिए लकड़ी पिपरिया से आती है। इसी प्रकार होटलों में कैंप फायर आदि के लिए भी पिपरिया से ही लकड़ी आती है। स्थानीय निवासियों को अगर किसी कार्य से ईंधन के लिए लकड़ी की जरूरत पड़ती है तो पेड़ से सूख कर गिरी हुई लकड़ी या गिरी हुई छाल का उपयोग करते हैं।

पेड़ काटने में शामिल होंगे कई लोग
बीटीआई के पीछे जिस तादाद में पेड़ों को काटा गया है उससे यह तो स्पष्ट है कि वह दो या चार लोगों के द्वारा किया गया काम नहीं है। इतनी बड़ी तादाद में पेड़ों को काटा जाना अनेक लोगों के द्वारा ही मुमकिन हो सकता है। स्थानीय स्तर पर किसी भी विभाग के द्वारा पेड़ों को काटे जाने की अनुमति नहीं दी गई है। पचमढ़ी सतपुड़ा टाइगर रिजर्व में आता है जहां वन संपदा को किसी भी प्रकार से नुकसान पहुंचाने पर रोक लगी है और ऐसा किए जाने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाती है।

इनका कहना है
पेड़ कटाई के इस मामले की जांच के लिए नायब तहसीलदार को पचमढ़ी भेजा गया है। वे साडा की टीम के साथ वस्तु स्थिति का जायजा लेंगे।
राजेश बोरासी, तहसीलदार, पिपरिया

पचमढ़ी साडा की तरफ से एक शिकायती जांच पत्र प्राप्त हुआ है। इस बारे में साडा की टीम अपने स्तर से जांच कर रही है। टीम की जांच रिपोर्ट बुलाई जाएगी। उसके बाद तय किया जाएगा इस मामले में क्या कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
रूपलाल उईके, थाना प्रभारी, पचमढ़ी

Story Loader