13 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

जल जीवन मिशन की 890 में से 187 योजनाएं अधूरी, 703 पूरी, रिवाइज योजनाओं के टेंडर में देरी से कार्य पिछड़ा

जिले में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की कई योजनाएं अब भी अधूरी पड़ी हैं। जिले में स्वीकृत 890 योजनाओं में से 187 योजनाओं का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 703 योजनाओं के पूर्ण होने का दावा कर रहा है

3 min read
Google source verification
जिले में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की कई योजनाएं अब भी अधूरी पड़ी हैं। जिले में स्वीकृत 890 योजनाओं में से 187 योजनाओं का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 703 योजनाओं के पूर्ण होने का दावा कर रहा है,

नलों से जलापूर्ति की स्थिति जांचते मैदानी अमला।

Jal Jeevan Mission नरसिंहपुर. जिले में हर घर तक नल से जल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की कई योजनाएं अब भी अधूरी पड़ी हैं। जिले में स्वीकृत 890 योजनाओं में से 187 योजनाओं का कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 703 योजनाओं के पूर्ण होने का दावा कर रहा है, लेकिन इनमें से भी 135 योजनाएं अभी ग्राम पंचायतों को हैंडओवर नहीं की गई हैं। ऐसे में कई गांवों में लोगों को नियमित जलापूर्ति का लाभ नहीं मिल पा रहा है। कार्य पिछडऩे की वजह रिवाइज योजनाओं में टेंडर की प्रक्रिया में देरी एवं तकनीकी समस्याओं को माना जा रहा है।
जानकारी के अनुसार कई गांवों में पाइपलाइन बिछाने का काम तो पूरा हो गया है, लेकिन पानी की टंकियों का निर्माण अधूरा है। ऐसे स्थानों पर वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए सीधे जल सप्लाई देने का दावा किया जा रहा है। इसके बावजूद ग्रामीणों में जल आपूर्ति को लेकर शिकायतें बनी हुई हैं। कई क्षेत्रों में लोगों का कहना है कि घरों तक पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि कुछ गांवों में सप्लाई अनियमित बनी हुई है। चीचली ब्लाक के ग्राम खला के ग्रामीण कहते हैं कि योजना से पानी तो मिलने लगा है लेकिन सुचारु नहीं मिल पाता, कभी बिजली कटौती तो कभी तकनीकी समस्याएं जलापूर्ति में बाधा बनने लगती हैं।
टेंडर के पांच माह बाद भी कई कार्य अधूरे
विभागीय जानकारी के मुताबिक योजनाओं के कार्य प्रभावित होने की प्रमुख वजह ठेकेदारों द्वारा समय पर काम शुरू नहीं करना और तकनीकी अड़चनें रहीं। इसके अलावा करीब 245 योजनाओं को रिवाइज किए जाने से उनकी टेंडर प्रक्रिया में देरी हुई। बताया जाता है कि इन योजनाओं के टेंडर बीते वर्ष दिसंबर में जारी हुए, जिसके कारण पांच माह बाद भी कई कार्य अधूरे हैं।
150 से ज्यादा योजनाएं मैकेनिकल श्रेणी में
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का कहना है कि जिले में 150 से अधिक योजनाएं मैकेनिकल श्रेणी की हैं, जिनकी लागत 15 से 17 लाख रुपए तक है। वहीं कुछ बड़ी योजनाओं में लागत और तकनीकी जटिलताएं अधिक होने से कार्य में अतिरिक्त समय लग रहा है। विभाग दावा कर रहा है कि जून के आखिर तक कार्य पूरे हो जाएंगे। हालांकि जमीनी स्तर पर कई गांवों में अब भी लोगों को पर्याप्त जल आपूर्ति नहीं मिलने से नाराजगी बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि मिशन के तहत करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद कई जगह व्यवस्था पूरी तरह सुचारु नहीं हो सकी है।
रिवाइज योजनाओं ने बढ़ाई देरी
जल जीवन मिशन की करीब 245 योजनाओं में डिजाइन और लागत संशोधन के कारण दोबारा स्वीकृति एवं टेंडर प्रक्रिया करनी पड़ी। विभागीय सूत्रों के अनुसार इन योजनाओं के टेंडर बीते साल दिसंबर में जारी हुए, जिससे निर्माण कार्य देर से शुरू हो सके। इसका असर जिले की कई परियोजनाओं की प्रगति पर पड़ा है। विभाग ने बीते साल कुछ ठेकेदारों को ब्लैक लिस्ट करने की कार्रवाई भी की थी।
कई गांवों में बनी शिकायत की स्थिति
ग्रामीण क्षेत्रों में कहीं पानी कम दबाव से पहुंच रहा है तो कहीं सप्लाई नियमित नहीं हो पा रही। कुछ गांवों में टंकियां अधूरी होने के बावजूद अस्थायी रूप से पानी सप्लाई करने की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि योजनाओं के पूर्ण संचालन तक समस्या बनी रहने की आशंका है।
फैक्ट फाइल
जिले में कुल स्वीकृत योजनाएं — 890
अब तक पूर्ण योजनाएं — 703
अधूरी योजनाएं — 187
पंचायतों को हैंडओवर योजनाएं — 568
हैंडओवर प्रक्रिया में योजनाएं — 135
रिवाइज हुई योजनाएं — करीब 245
मैकेनिकल योजनाएं — 150 से अधिक
वर्जन
जो भी कार्य शेष रह गए हैं उनको जून आखिरी तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्य में देरी की वजह अलग-अलग हैं। जो योजनाएं पूर्ण हो गईं हैं और पंचायतों को दी गई हैं उनसे सुचारु पानी पहुंच रहा है। हमारी टीम निरंतर कार्यो को देख रही है।
आरएस ठाकुर, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग नरसिंहपुर

बड़ी खबरें

View All

नरसिंहपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग