
नरसिंहपुर. इस दीपावली जेल कर्मियों के परिजनों को एक बड़ी सौगात मिल रही है। जो विपरीत समय में उनके लिए रोजगार का सहारा बनेगी। सेंट्रल जेल नरसिंहपुर में एक अनूठे कैफे की शुरुआत की जा रही है जिसमें जेल के उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग की जाएगी और यहां आने वाले लोगों के लिए चाय नाश्ता एवं भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसे कान्हा जेल कैफे का नाम दिया गया है। जेल कर्मियों के परिजनों द्वारा निर्मित उत्पादों का भी यहां विक्रय किया जा सकेगा।
यह है उद्देश्य
इसका मुख्य उद्देश्य जेल कर्मियों के कल्याण के लिए काम करना है। यदि किसी जेलकर्मी के न रहने पर उसके परिजनों के सामने कोई आजीविका का संकट पैदा होता है तो उन्हें इसके माध्यम से अपनी आर्थिक एवं व्यापारिक गतिविधियां संचालित करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा जेल में निर्मित उत्पादों को आम लोगों के बीच पहुंचाने और उनकी बिक्री के लिए एक काउंटर उपलब्ध होगा। जिससे लोग जेल में बनाए जाने वाले कई तरह के सामनों के बारे में जान सकेंगे और खरीद सकेंगे।
जेल कर्मियों और सांसद ने दिया योगदान
इसकी स्थापना के लिए जेल विभाग के अफसरों और कर्मचारियों ने आर्थिक योगदान दिया है। अपनी वेतन की एक प्रतिशत राशि दान की है जिससे करीब ३.५ लाख रुपए एकत्र हुआ। इसके अलावा राज्यसभा सांसद कैलाश सोनी ने अपनी सांसद निधि से ८ लाख रुपए की राशि उपलब्ध कराई जिससे शानदार कैफे बन कर तैयार हुआ है।
मुलाकातियों को मिलेंगी सुविधाएं
सेंट्रल जेल में बंद कैदियों से मुलाकात के लिए आने वाले परिजनों को यहां चाय नाश्ता व भोजन आदि की सुविधा नहींं है। ज्यादातर लोग काफी समय तक भूखे प्यासे मुलाकात का नंबर आने के लिए इंतजार करते हैं। बच्चों को भी परेशानी होती है। कैफे बनने से उन्हें यहां भोजन पानी की सुविधा मिल जाएगी। महिला कैदियों के लिए वॉशरूम की भी सुविधा होगी।
सुबह सुबह मिलेगा स्प्राउट, हैल्दी नाश्ता
सुबह सवेरे मॉर्निंग वाक पर निकलने वाले लोगों के लिए स्प्राउट एवंं पौष्टिक चाय नाश्ता आदि की भी व्यवस्था की जाएगी। सेंट्रल जेल नरसिंहपुर अधीक्षक शेफाली तिवारी ने बताया कि जेल विभाग के डीजी संजय चौधरी के निर्देश पर यहां कान्हा जेल कैफे की शुरुआत की जा रही है। इससे जेल कर्मियों के परिजनों को किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में सहारा मिलेगा। जेल में निर्मित उत्पादों की मार्केटिंग, ब्रांडिंग और सेलिंग हो सकेगी। मुलाकातियों को भी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी।
Updated on:
12 Nov 2020 07:20 am
Published on:
11 Nov 2020 10:17 pm
बड़ी खबरें
View Allनरसिंहपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
