
जांच दल के साथ लाल शर्ट पहने आरोपी।
Economic Offences Wing नरसिंहपुर. करीब दो माह पूर्व गाडरवारा नगरपालिका से सेवानिवृत्त हुए सहायक राजस्व निरीक्षक योगेंद्र ढिमोले के एमपीईबी कॉलोनी स्थित आवास एवं लखनादौन के आवास पर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) जबलपुर की तीन टीमों ने दबिश दी। ढिमोले पूर्व में लखनादौन में प्रभारी सीएमओ रहे थे। इसी दौरान उनके खिलाफ शिकायत की गई थी। अब तक की जांच में दोनों स्थानों पर टीम ने लगभग 2.36 करोड़ रुपए की अनुमानित अनुपातहीन संपत्ति का खुलासा किया है।
ईओडब्ल्यू डीएसपी मंजीत सिंह के अनुसार ढिमोले के विरुद्ध भ्रष्टाचार के माध्यम से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत की जांच की गई थी। शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया। इसके बाद शुक्रवार को तीन टीमों का गठन कर सुबह 6 बजे गाडरवारा और लखनादौन स्थित परिसरों पर एक साथ तलाशी शुरू की गई।
गाडरवारा में यह मिला
डीएसपी के अनुसार तलाशी के दौरान गाडरवारा स्थित आवास से लगभग एक करोड़ रुपए मूल्य का मकान, 45 हजार रुपए नकद, लगभग 61 लाख रुपए का घरेलू सामान, 209 ग्राम सोने के आभूषण, 671 ग्राम चांदी के आभूषण, एक थार और एक फोर्ड फिगो कार मिली है। इसके अलावा ढिमोले एवं उनके परिजनों के नाम विभिन्न बैंकों में आठ खातों की जानकारी मिली है, जिनमें जमा राशि का सत्यापन किया जा रहा है।
लखनादौन में मिली यह संपत्ति
लखनादौन स्थित आवास से 30 लाख रुपए मूल्य का मकान, एक प्लॉट, दुकान, तीन एकड़ कृषि भूमि, ट्रैक्टर, ट्रॉली, मिक्सर मशीन, पत्नी गीता ढिमोले के नाम सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में एक लॉकर तथा स्टेट बैंक में 2.50 लाख रुपए की सावधि जमा (एफडी) का भी पता चला है। अब तक की कार्रवाई में लगभग 2.36 करोड़ रुपए की अनुमानित अनुपातहीन संपत्ति उजागर हुई है। दस्तावेजों, बैंक खातों, नकदी और आभूषणों की जांच अभी जारी है। संबंधित लॉकर खोला जाना शेष है तथा जांच के दौरान और संपत्ति मिलने की संभावना भी जताई गई है।
कार्रवाई से रहा हडक़ंप
कार्रवाई से गाडरवारा में हडक़ंप की स्थिति रही। डीएसपी की अगुवाई वाली टीम में शामिल निरीक्षक प्रेरणा पांडे, गायत्री गुप्ता, भूमेश्वरी चौहान, प्रधान आरक्षक अभिनव, नीतेश दुबे, कयूम खान, आरक्षक सगीर खान एवं जैसलीन ने जांच के दौरान मोर्चा संभाले रखा। जिससे जांच में कहीं कोई व्यवधान न रहे।
Updated on:
04 Jul 2026 01:04 pm
Published on:
04 Jul 2026 01:04 pm
