4 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बारिश से शहर के कई वार्डो में बने जलभराव के हालात, गिरते पानी में निकासी कराने निकाय की टीम रही दिनभर सक्रिय

जिले में रुक-रुककर लगातार हो रही बारिश से वातावरण में ठंडक बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में 84.6 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर चलता रहा।
2 min read
Google source verification
बारिश के कारण नरसिंहपुर नगर के आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नगर पालिका की सफाई टीम छाता और रेनकोट के सहारे पूरे दिन जल निकासी व्यवस्था सुधारने में जुटी रही।

जलभराव को रोकने दिनभर जतन करती रही निकाय की टीम।

rainfall improve drainage नरसिंहपुर. जिले में रुक-रुककर लगातार हो रही बारिश से वातावरण में ठंडक बढ़ गई है। पिछले 24 घंटे में जिले में 84.6 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार की सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर तेज बारिश का दौर चलता रहा। वहीं गुरुवार की रात भी कई जगह बारिश हुई। जिससे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा। लोग केवल जरूरी कार्यों से ही घरों से बाहर निकले और शाम होते-होते अधिकांश लोग जल्दी घर लौट गए। बारिश के कारण नरसिंहपुर नगर के आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई। नगर पालिका की सफाई टीम छाता और रेनकोट के सहारे पूरे दिन जल निकासी व्यवस्था सुधारने में जुटी रही।
नगर के इंदिरा वार्ड, गांधी वार्ड, धनारे कॉलोनी, अटल पथ, रेडक्रॉस अस्पताल के आसपास सहित अन्य क्षेत्रों में सडक़ों, गलियों और घरों के आसपास जमा पानी की निकासी के लिए नालियों की सफाई एवं अस्थायी निकासी मार्ग बनाए गए। जिन स्थानों पर कचरा जमा होने से नालियां अवरुद्ध थीं, वहां कर्मचारियों ने फावड़ों से सफाई कर पानी की निकासी सुचारु कराई।


नालियों में न डालें कचरा ताकि बहता रहे पानी
नगर पालिका की स्वच्छता शाखा प्रभारी सुमित पटेल ने बताया कि जहां-जहां से जलभराव या नालियों के अवरुद्ध होने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल टीम भेजकर व्यवस्था सुधारी जा रही है। नागरिकों से कहा जा रहा है कि घरों और दुकानों का कचरा सार्वजनिक स्थानों या नालियों में न डालें, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी प्रभावित न हो।


नदियों के जलस्तर में इजाफा
लगातार हो रही बारिश का असर जिले की नदियों पर भी दिखाई देने लगा है। नर्मदा सहित अन्य प्रमुख नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। पड़ोसी जिलों और पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के कारण भी जलप्रवाह में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। गर्मी के दौरान जहां नदी के तटीय क्षेत्र सूखे पड़े थे, वहां अब फिर से पानी बहने लगा है।
बारिश ने बढ़ाई राहत, लेकिन जलभराव बना चुनौती
लगातार रुक-रुककर हो रही बारिश से जहां तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव परेशानी का कारण बना हुआ है। नगर पालिका की टीमें लगातार निकासी व्यवस्था सुधारने में लगी हैं, जबकि प्रशासन भी बारिश की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

फैक्ट फाइल
पिछले 24 घंटे की औसत बारिश- 84.6 मिमी
1 जून से अब तक कुल बारिश- 132.6 मिमी
पिछले वर्ष इसी अवधि में बारिश- 214.02 मिमी

तहसीलवार बारिश
नरसिंहपुर- 83 मिमी
गाडरवारा -17 मिमी
गोटेगांव - 25 मिमी
करेली -20 मिमी
तेंदूखेड़ा -19 मिमी