3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ में 18 मौतें- क्या बोलीं कार्यवाहक सीएम आतिशी

New Delhi Railway Station Stampede: नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। इस घटना से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

3 min read
Google source verification

New Delhi Railway Station Stampede:नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। कथित तौर पर यात्रियों के बीच प्रयागराज जा रही दो ट्रेनों के रद्द होने की अफवाह फैल गई। हादसे के बारे में जानकारी देते हुए रेलवे ने बताया कि यह हादसा रात 9.30 बजे के आसपास की है। रेलवे ने बताया कि दोनों प्लेटफॉर्म पर भीड़ काफी अधिक थी, जिस कारण कुछ लोग बेहोश हो गए। इसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस घटना पर द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली की कार्यवाहक मुख्यमंत्री आतिशी सहित तमाम नेताओं ने दुख जताया है। इस घटना से पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है।

स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी

रेलवे प्रशासन, पुलिस और अन्य एजेंसियां हालात को सामान्य करने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हैं। हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं, और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही स्थिति पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।

कार्यवाहक सीएम आतिशी ने जताया शोक, जानिए क्या कहा

दिल्ली की कार्यवाहक सीएम और आप नेता आतिशी ने कहा कि जिन लोगों की जान गई है, उनके परिवारों को सूचित कर दिया गया है। यह एक दुखद घटना है। हमारे दो विधायक यहां हैं। मैंने अस्पताल प्रबंधन से कहा है कि अगर किसी पीड़ित परिवार को किसी तरह की मदद की ज़रूरत है तो वे हमारे विधायकों को बताएं। 4-5 मरीजों को जल्द ही छुट्टी दे दी जाएगी। 18 लोगों को एलएनजेपी अस्पताल में मृत लाया गया था। इतनी ही संख्या में घायल भी यहां भर्ती हैं। दो शवों की पहचान होनी बाकी है।

यह भी पढ़ें- नई दिल्ली स्टेशन पर भगदड़ में 18 मौतें: बहन खोने वाले एक भाई की आपबीती- वह तो प्लेटफॉर्म के बाहर ही मर गई, डेढ़ घंटे तक कहीं नहीं था प्रशासन

उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने दिए तत्काल राहत के निर्देश

उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद बताया। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की और मुख्य सचिव एवं पुलिस आयुक्त को स्थिति का समाधान निकालने के निर्देश दिए। उपराज्यपाल ने दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) को राहत कार्यों को शीघ्र लागू करने और अस्पतालों को आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि मुख्य सचिव और पुलिस आयुक्त घटनास्थल पर रहकर राहत कार्यों की निगरानी करें।

पीएम मोदी ने जताया शोक, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ की घटना से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। अधिकारी प्रभावितों को हरसंभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।"

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की संवेदनाएं

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना को "विनाशकारी" बताया और कहा कि रेलवे प्लेटफॉर्म पर हुई भगदड़ से वे बेहद दुखी हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव: स्थिति नियंत्रण में, विशेष ट्रेनें चलाई गईं

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रयागराज जाने वाली चार विशेष ट्रेनें चलाई गई हैं। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर स्थिति अब नियंत्रण में है। दिल्ली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) मौके पर तैनात हैं और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है।"

यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना को बताया हृदयविदारक

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, "नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद और हृदयविदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि प्रभु श्री राम दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।"

Story Loader