18 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद और राजकोट से 280 किलोग्राम चांदी की गई जब्त

Silver Seized In Ahmedabad-Rajkot: अहमदाबाद और राजकोट से 280 किलोग्राम चांदी जब्त की गई है। क्या है पूरा मामला? आइए नज़र डालते हैं।

2 min read
Google source verification
Silver

Silver

ईरान-अमेरिका इज़रायल युद्ध (Iran-US Israel War) के चलते पैदा हुई स्थिति के बीच सोना और चांदी की एक साल तक खरीदी नहीं करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने कुछ दिन पहले ही देशवासियों से अपील की है। इतना ही नहीं, अब सरकार ने चांदी के आयात पर भी पाबंदी लगा दी है और अब लोग बिना अनुमति के दूसरे देशों से चांदी नहीं ला पाएंगे। इस खबर के सामने आने के साथ ही गुजरात के राजकोट एयरपोर्ट और अहमदाबाद शहर से बड़े पैमाने पर चांदी जब्त की गई है। इसको लेकर जांच शुरू की है।

राजकोट से 180 किलोग्राम चांदी जब्त

गुजरात एटीएस के उपाधीक्षक वीरजीत सिंह परमार ने बताया कि उन्हें पुख्ता सूचना मिली थी कि एयर कार्गो में शंकास्पद तरीके से चांदी भेजी गई है। इसे उत्तर प्रदेश के बनारस की एक कंपनी की ओर से पहले मुंबई और फिर मुंबई से राजकोट भेजा गया है और इसे लेने के लिए विपुल कुरेजा नाम का एक शख्स आने वाला है। इस सूचना के आधार पर राजकोट शहर क्राइम ब्रांच की टीम के साथ में समन्वय बिठाते हुए शनिवार मध्यरात्रि बाद से नज़र रखी गई। जैसे ही विपुल एयरपोर्ट पर इस कार्गो को लेने पहुंचा, उसे हिरासत में ले लिया गया और पूछताछ शुरू कर दी गई। जांच में सामने आया कि चांदी 180 किलोग्राम है, जिसे जब्त कर लिया गया है। इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए है। इसके दस्तावेजों में कुछ कमी पाई गई और यह प्रथम दृष्टया जीएसटी चोरी का मामला लग रहा है। इस मामले में स्टेट जीएसटी विभाग को सूचना दी गई और शंकास्पद चांदी को भी स्टेट जीएसटी विभाग को सौंप दिया गया है। इस मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

अहमदाबाद से 100 किलोग्राम चांदी जब्त

स्टेट जीएसटी विभाग ने अहमदाबाद गीता मंदिर क्षेत्र में पुख्ता सूचना के आधार पर रविवार को कार्रवाई करते हुए 100 किलोग्राम चांदी जब्त की है। यह चांदी भी अहमदाबाद से राजकोट ले जाई जा रही थी। इसको लेकर स्टेट जीएसटी विभाग की मोबाइल स्क्वॉड ने कार्रवाई शुरू की है। अहमदाबाद से राजकोट जाने वाली बस से यह चांदी जब्त की गई है। इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। इसके साथ ही चांदी के बिलों की जांच की जा रही है। यह चांदी किसकी है और कहाँ ले जाई जा रही थी, इसकी जांच भी शुरू कर दी गई है।