
एक्टर विजय। (Photo-IANS)
Karur Stampede: तमिलनाडु के करूर में शनिवार को एक्टर से राजनेता बने विजय की रैली में भगदड़ मचने से 41 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए थे। वहीं भगदड़ के बाद विजय का पहला बयान सामने आया है। जिसमें उन्होंने हादसे पर दुख जताते हुए वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि हमने कुछ गलत नहीं किया फिर भी हमारे खिलाफ एफआईआर हुई। साथ ही उन्होंने TVK समर्थकों पर कार्रवाई नहीं करने की मांग की है।
सीएम स्टालिन को चुनौती देते हुए विजय ने कहा- वे टीवीके नेताओं और समर्थकों पर कार्रवाई नहीं करें। उन्होंने आगे कहा- सीएम साहब, अगर बदला लेना है तो मेरे साथ कुछ भी कर लो, पर उन पर हाथ मत उठाना। मैं या तो घर पर रहूंगा या दफ़्तर में, जो चाहो कर लो।
टीवीके प्रमुख विजय ने वीडियो जारी कर कहा- मैंने अपने जीवन में ऐसी दर्दनाक स्थिति का सामना कभी नहीं किया। मैं बहुत दुखी हूं, सभी राजनीति को छोड़कर, हम हमेशा पुलिस से सुरक्षित स्थान की अनुमति मांगते हैं। लेकिन जो नहीं होना चाहिए था, वह हो गया।
उन्होंने आगे कहा कि मैं जल्द ही पीड़ितों से मिलूंगा। मैं उस परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं जो इस नुकसान से दुखी हैं। मेरी पार्टी के पदाधिकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्यमंत्री महोदय, मैं आपसे अनुरोध करता हूँ- कृपया मेरी पार्टी के पदाधिकारियों को नुकसान न पहुंचाएं।
बता दें कि विजय का यह बयान उस समय आया है जब पुलिस ने उनकी पार्टी के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। टीवीके के करूर पश्चिम जिला सचिव मथियाझागन और करूर नगर पदाधिकारी पौन राज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विजय के बयान पर डीएमके ने पलटवार करते हुए प्रतिक्रिया दी है। पार्टी प्रवक्ता सरवनन ने कहा कि विजय को वीडियो जारी करने में चार दिन का समय क्यों लगा? वहीं DMK सांसद ए. राजा ने आरोप लगाया कि विजय का रैली स्थल से तुरंत निकल जाना गुनाह की भावना दर्शाता है।
Published on:
30 Sept 2025 05:56 pm
बड़ी खबरें
View Allराष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
