
Sukhbir Singh Badal Attack: पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व सीएम सुखबीर सिंह बादल (Sukhbir Singh Badal) पर स्वर्ण मंदिर के प्रवेश द्वार पर गोली चलाई गई। वह इस हमले में बाल-बाल बच गए। पूर्व सीएम पर हुए हमले (Sukhbir Singh Badal Attack) के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर सीएम भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने प्रतिक्रिया दी है और पंजाब पुलिस की तारीफ की है। सीएम द्वारा पंजाब पुलिस की तारीफ करने पर शिरोमणि अकाली दल के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि यह देखा जा सकता है कि आरोपी नारायण सिंह चौड़ा ने 3 दिसंबर को भी हरमंदिर साहिब की रेकी की थी। पुलिस ने उसे पहले गिरफ्तार क्यों नहीं किया? यह किस तरह की पुलिस तैनाती थी? और आप पुलिस की सराहना कर रहे हैं? यह कैशी बेशर्मी है भगवंत मान? आपने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा हटाकर उसकी हत्या करवा दी।
उन्होंने आगे कहा कि एक आदमी जिस पर कम से कम 30 मामले दर्ज हैं, नारायण सिंह चौड़ा (Narain Singh Chaura) उसके खिलाफ हर तरह की FIR दर्ज है। वह आदमी 3 दिन से वहां घूम रहा है और AAP की सरकार कह रही है कि हमने पुलिस लगा दी है, तो क्या आपकी पुलिस सो रही थी? उसने आज और कल कैसे सुखबीर सिंह बादल की रेकी की, उसका वीडियो मैंने शेयर किया, वह सुखबीर सिंह तक कई बार पहुंचा है। अगर स्वर्ण मंदिर में कोई सुरक्षित नहीं है, तो आप सोच सकते हैं कि पंजाब में कानून व्यवस्था की क्या स्थिति है... इतना बड़ा हिस्ट्रीशीटर आदमी, जो देशद्रोही है, वहां खुलेआम घूम रहा है और दरबार साहब पर गोली चला रहा है, यह 1984 के उसी दिन की याद दिलाता है। जिसमें इंसानियत या गुरू का भय होगा वह कभी स्वर्ण मंदिर आकर गोली नहीं चलाएगा, वह नतमस्तक होगा।
पूर्व सीएम बादल पर हुए हमले पर सीएम भगवंत मान ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि पंजाब पुलिस ने आज एक बड़ी वारदात होने से रोकी। पंजाब पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा है कि पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की साज़िश नाकाम हो गई है। पुलिस ने अपनी मुस्तैदी से मौके पर ही हमलावर को गिरफ्तार करके बड़ी कामयाबी हासिल की। मैं पुलिस की मुस्तैदी की सराहना करता हूँ, सुखबीर बादल जी पर हुए हमले की मैं कड़ी निंदा करता हूँ। मैंने पुलिस को सख्त निर्देश जारी किए हैं कि इस घटना की जल्द जांच करके रिपोर्ट सौंपी जाए।
शिरोमणि अकाली दल नेता सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले पर कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी (Charanjit Singh Channi) ने कहा यह निंदनीय है, यह घटना नहीं होनी चाहिए थी। ये मौजूदा पंजाब सरकार की विफलता है, उनकी अपरिपक्वता दिख रही है। ये साफ हो गया है कि वे पंजाब का प्रशासन ठीक से नहीं चला पा रहे हैं। पंजाब में ऐसी घटनाएं अक्सर होती रहती हैं लेकिन क्योंकि सुखबीर सिंह बादल के साथ ऐसा हुआ तो अब लोगों को इसके बारे में पता चल रहा है। शहरों और गांवों में लोगों से जबरन वसूली की जा रही है, उन्हें डरा-धमका कर पैसे वसूले जा रहे हैं। कानून व्यवस्था की कोई स्थिति नहीं है। एक नेता में जो प्रशासनिक गुण होने चाहिए, वह हमारे मुख्यमंत्री में नहीं हैं। सुखबीर सिंह बादल पर हुए इस हमले का एक और सीधा कारण ये है कि लोगों में उनके खिलाफ गुस्सा और नाराजगी है जो अब सामने आ गई है।
पंजाब के पूर्व सीएम बादल पर पंजाब में हुए हमले पर अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने कहा कि आज पंजाब में एक घटना घटी, सुखबीर बादल पर किसी ने गोली चलाने की कोशिश की लेकिन पंजाब पुलिस की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। सुखबीर बादल सुरक्षित हैं। मैं इस घटना की निंदा करता हूं लेकिन एक बात साफ है कि पंजाब और पंजाबियों को बदनाम करने की एक बड़ी साजिश रची जा रही है और इसके पीछे कई बड़ी ताकतें शामिल हैं। आज जिस तरह से पंजाब पुलिस ने न सिर्फ इस घटना को रोका बल्कि पूरे देश के सामने एक उदाहरण पेश किया कि कैसे सतर्कता के साथ कानून व्यवस्था को बनाए रखा जा सकता है।
Updated on:
04 Dec 2024 05:43 pm
Published on:
04 Dec 2024 05:42 pm

