
PM मोदी ने किया भोगापुरम एयरपोर्ट का उद्घाटन | फोटो सोर्स-ANI
PM Modi: आंध्र प्रदेश के लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एक बड़ी सौगात दी है। पीएम मोदी ने आज राज्य में करीब 18,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें सबसे खास रहा विजयनगरम जिले के भोगपुरम में बना 'अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा', जिसका पीएम ने उद्घाटन किया। इसके साथ ही राज्य को अपना पहला सेमीकंडक्टर चिप बनाने वाला कारखाना (प्लांट) भी मिल गया है, जिससे आने वाले समय में क्षेत्र में रोजगार और तकनीक के नए रास्ते खुलेंगे।
करीब 5,600 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुआ यह नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट बहुत ही आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस है। शुरुआत में इस एयरपोर्ट से हर साल 60 लाख यात्री सफर कर सकेंगे, जिसे आगे चलकर 4 करोड़ यात्रियों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
यात्रियों के बेहतरीन अनुभव के लिए इस एयरपोर्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), बिल्डिंग इन्फॉर्मेशन मॉडलिंग (BIM), एयरसाइड 4.0 तकनीक और एयरपोर्ट प्रेडिक्टिव ऑपरेशंस सेंटर (APOC) जैसी अत्याधुनिक टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही सुरक्षा के लिए बायोमेट्रिक प्रक्रिया भी लागू की गई है। इसके साथ ही पर्यावरण का ध्यान रखते हुए इसे पूरी तरह इको-फ्रेंडली बनाया गया है, जिसमें एनर्जी-एफिशिएंट हीटिंग, वेंटिलेशन और एयर कंडीशनिंग सिस्टम के साथ-साथ लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। बिजली की जरूरतें पूरी करने के लिए यहां 5 मेगावॉट का सोलर पावर प्लांट लगाया गया है और पानी की बचत के लिए रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी तैयार है। इसके अलावा इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की भी सुविधा दी गई है। इस पूरे एयरपोर्ट की सबसे खूबसूरत बात यह है कि इसका डिजाइन आंध्र प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और विरासत से प्रेरित है।
इस नए एयरपोर्ट से 17 अगस्त की रात 12 बजे से कमर्शियल उड़ानें शुरू हो जाएंगी। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, विशाखापत्तनम हवाई अड्डे से चलने वाली सभी प्रस्तावित उड़ानें अब भोगपुरम शिफ्ट कर दी जाएंगी और पुराने एयरपोर्ट का कोड भी इसी नए एयरपोर्ट को मिल जाएगा। शुरुआत में एयर इंडिया हैदराबाद के लिए रोजाना 5 और बेंगलुरु के लिए रोजाना 2 उड़ानों का संचालन करेगी। इसके अलावा शुक्रवार और रविवार को छोड़कर एक एक्स्ट्रा उड़ान सप्ताह में 5 दिन चलाई जाएगी।
तकनीक के क्षेत्र में राज्य ने आज एक नया इतिहास रचा है। 'इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन' के तहत पीएम मोदी ने विशाखापत्तनम में राज्य की पहली सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की आधारशिला रखी। 460 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्लांट में हर साल करीब 9.60 करोड़ सेमीकंडक्टर चिप्स बनाई जाएंगी। दक्षिण कोरिया की कंपनी APACT के सहयोग से बनने वाले इस प्लांट से युवाओं के लिए हाई-स्किल्ड रोजगार के मौके पैदा होंगे और इससे जुड़े छोटे व सहायक उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।
एयरपोर्ट और सेमीकंडक्टर के अलावा पीएम मोदी ने बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई और बड़ी घोषणाएं की हैं। राज्य में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए कुरनूल के पवन और सौर ऊर्जा क्षेत्रों के लिए 3,550 करोड़ रुपये की ट्रांसमिशन लाइन का उद्घाटन किया गया है। इसी में 4.5 गीगावाट की कुरनूल-4 नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना के लिए 5,550 करोड़ रुपये की नई ट्रांसमिशन लाइन की आधारशिला रखी गई। साथ ही राज्य में यातायात को सुगम बनाने और कनेक्टिविटी सुधारने के लिए 1,880 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।
Updated on:
01 Aug 2026 02:57 pm
Published on:
01 Aug 2026 01:39 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
