
Axiom Mission-4: भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने बुधवार को एक्सिओम-4 मिशन (Axiom-4 Mission) के तहत अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) की ऐतिहासिक उड़ान भरी। यह मिशन भारत के अंतरिक्ष इतिहास में एक महत्वपूर्ण कदम है, क्योंकि शुक्ला ISS पर कदम रखने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री हैं। इस उपलब्धि के साथ ही लोगों के मन में एक सवाल उठ रहा है कि इस मिशन के लिए शुभांशु शुक्ला को कितनी सैलरी मिलेगी और इसका भुगतान कौन करेगा? आइए इसके बारे में जानते है…
बता दें कि एक्सिओम-4 मिशन के लिए शुभांशु शुक्ला को कोई वेतन नहीं दिया जाएगा। दरअसल, ऐसा इसलिए है इस पूरे मिशन की लागत भारत सरकार खुद वहन कर रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक Axiom Space को भारत ने इस मिशन के लिए करीब 548 करोड़ रुपए तक का भुगतान किया है। ये पैसे शुभांशु की ट्रेनिंग, यात्रा, स्पेस सूट, रिसर्च किट और अन्य जरूरी संसाधनों पर खर्च की जा रही है।
शुभांशु शुक्ला की इस यात्रा का उद्देश्य न केवल वैज्ञानिक प्रयोग करना है, बल्कि भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन (2027) के लिए अनुभव प्राप्त करना भी है। इस मिशन में उनके द्वारा किए गए 7 भारतीय प्रयोग और 60 वैज्ञानिक शोध भारत के अंतरिक्ष अनुसंधान को नई दिशा देंगे।
बता दें कि शुभांशु शुक्ला का यह मिशन 14 दिनों का होगा। इस दौरान वे अंतरिक्ष में रहकर 60 वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे। इन प्रयोगों में माइक्रोग्रैविटी में इंसान के शरीर पर असर, स्पेस फूड टेस्टिंग, बायो रिसर्च और भविष्य के लिए जरूरी तकनीकों की जांच शामिल है।
शुभांशु शुक्ला का एक्सिओम-4 मिशन बुधवार को भारतीय समयानुसार दोपहर 12.00 बजे फ्लोरिडा में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉन्च कॉम्प्लेक्स 39ए से अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना हुआ। यह नासा, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स द्वारा अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए चौथा निजी अंतरिक्ष यात्री मिशन है। यह स्पेसक्राफ्ट 26 जून को शाम करीब 4.30 बजे ISS से जुड़ेगा।
Updated on:
25 Jun 2025 04:58 pm
Published on:
25 Jun 2025 04:58 pm
