
दहेज उत्पीड़न के आरोप में पुलिस सब-इंस्पेक्टर अरेस्ट (सोर्स: AI जनरेटेड इमेज)
Bengaluru SI Arrested Life Harassment Case: एक पुलिस अधिकारी अब खुद कानून के शिकंजे में आ गया है। बेंगलुरु में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर को पत्नी के साथ कथित घरेलू हिंसा, दहेज की मांग और ससुर को चाकू दिखाकर धमकाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की पहचान PSI बायरप्पा के रूप में हुई है। वह बेंगलुरु के केंगेरी क्षेत्र में तैनात था। शिकायत के अनुसार, वह लंबे समय से अपनी पत्नी को कथित तौर पर प्रताड़ित कर रहा था। उस पर दहेज मांगने और पत्नी के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। पीड़िता ने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
पुलिस के मुताबिक, जब महिला के पिता अपनी बेटी के साथ हो रहे कथित उत्पीड़न पर बात करने पहुंचे, तो बायरप्पा ने गुस्से में चाकू निकाल लिया। आरोप है कि उसने उन्हें धमकाया भी। शिकायत मिलने के बाद केंगेरी पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया। आरोपी सब-इंस्पेक्टर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी आरोपों और घटनाक्रम की विस्तार से पड़ताल कर रही है।
इस बीच बेंगलुरु से एक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मामला प्रेम संबंध का है। रिपोर्ट्स की मानें तो 24 वर्षीय युवती की घर में घुसकर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में ब्रेकअप के बाद बदले की भावना सामने आई है।
मृतका की पहचान जीवन बीमा नगर निवासी अमृता के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अमृता और धनुष की दोस्ती तीन साल पहले हुई थी। बाद में दोनों रिश्ते में आ गए। इसी साल मार्च में अमृता ने रिश्ता खत्म कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि धनुष और उसके भाई सूर्या ने अमृता के भाई तेजस को फोन कर धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि वे अमृता को सबक सिखाएंगे।
पुलिस के मुताबिक, 13 जुलाई को सूर्या अमृता के घर पहुंचा। वहां उसकी अमृता की मां से बहस हुई। इसके बाद उसने चाकू निकालकर अमृता पर हमला कर दिया। पड़ोसियों ने घायल अमृता को अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने सूर्या को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। 15 जुलाई को इलाज के दौरान अमृता की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सूर्या और धनुष दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
Updated on:
16 Jul 2026 04:34 pm
Published on:
16 Jul 2026 04:30 pm
